हिसार, HCS Result | सरकारी नौकरी की प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे अंक लाना हर उम्मीदवार का सपना होता है। इसके लिए युवा कई वर्षों तक दिन-रात मेहनत करते हैं। लेकिन कुछ परीक्षाओं में सिर्फ लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करना ही काफी नहीं होता। इंटरव्यू के अंक भी अंतिम रैंक तय करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है, जहां लिखित परीक्षा में आगे रहने वाले कई उम्मीदवार अंतिम रैंकिंग में पीछे रह गए।

हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा-2025 की अंक सूची में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों के बीच अंतर सामने आया है। कुछ उम्मीदवारों ने लिखित परीक्षा में ज्यादा अंक हासिल किए, लेकिन इंटरव्यू में कम अंक मिलने से उनकी अंतिम रैंक प्रभावित हुई। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में अच्छा प्रदर्शन कर अपने कुल अंक बढ़ाए।
अभिषेक सरोहा
उपलब्ध परिणाम के अनुसार, सोनीपत जिले के गोहाना निवासी अभिषेक सरोहा ने सामान्य श्रेणी में 394.50 अंक हासिल किए। वहीं, पिछड़ा वर्ग-बी के राहुल सैनी को 383.80 अंक मिले। पिछड़ा वर्ग-ए की जैनब खातून ने 378.30 अंक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की सिमरन ने 374.70 अंक प्राप्त किए। अभिषेक और राहुल सैनी के अंकों में 10.70 का अंतर रहा। इसी तरह जैनब खातून के अंक अभिषेक से 16.20 और सिमरन के 19.80 कम रहे।
क्रीमी चौथे स्थान पर रहीं
इसी बीच लिखित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाली क्रीमी के परिणाम ने भी ध्यान खींचा है। क्रीमी ने लिखित परीक्षा में 340 अंक हासिल किए थे, जो उपलब्ध जानकारी के अनुसार दूसरा सर्वाधिक स्कोर था। हालांकि, साक्षात्कार के अंक जुड़ने के बाद उनका कुल स्कोर 387.40 रहा और वह चौथे स्थान पर रहीं। वहीं, एकता ने लिखित परीक्षा में क्रीमी से 43 अंक कम हासिल किए थे, लेकिन साक्षात्कार में उन्होंने 55 अंक प्राप्त किए। उपलब्ध सूची के अनुसार, इंटरव्यू में यह सबसे अधिक अंक हैं।
कुलदीप ने लिखित परीक्षा में लिए 344.5 अंक
सामान्य श्रेणी के कुलदीप ने लिखित परीक्षा में 344.5 अंक हासिल किए। यह उपलब्ध आंकड़ों में सबसे अधिक लिखित स्कोर रहा। साक्षात्कार में उन्हें 48.4 अंक मिले, जिससे उनका कुल स्कोर 392.9 हो गया। वहीं, सामान्य श्रेणी की विनता ने लिखित परीक्षा में 329 और इंटरव्यू में 49 अंक हासिल किए। उनका कुल स्कोर 378 रहा। दिव्यांग श्रेणी के पीडब्ल्यूडी (एचएच) उम्मीदवार मोहिद को लिखित परीक्षा में 212.5 और साक्षात्कार में 47.20 अंक मिले।
हिंदी और अंग्रेजी के अंकों में अंतर
वहीं, भाषा के प्रश्नपत्रों में भी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन में अंतर देखने को मिला। अंग्रेजी विषय में अभिषेक सरोहा, ईशा काला और कुलदीप ने 79-79 अंक हासिल किए। अंगद और अतुल कुमार को अंग्रेजी में 78.5 अंक मिले। अभिषेक सरोहा ने हिंदी में 67.5 अंक प्राप्त किए। रोहन जैन के अंग्रेजी में 65 अंक रहे, जबकि हिंदी में उन्हें 36 अंक मिले। इस तरह दोनों विषयों में उनके अंकों का अंतर 29 रहा। उपलब्ध विश्लेषण के अनुसार, हिंदी में अधिकतर उम्मीदवारों के अंक 45 से 58 के बीच रहे।