नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से आमजन के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. एक लंबे विचार- विमर्श के बाद रेल मंत्रालय ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्माणधीन भैरों मार्ग अंडरपास के निर्माण को शुरू करने की अनुमति प्रदान कर दी है. बता दें कि निर्माणधीन अंडरपास के ऊपर से रेलवे लाइन गुजरती है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने PWD को इसके निर्माण से संबंधित एक योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं जिसके आधार पर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए रेलवे द्वारा ट्रेनों की आवाजाही रोकने का फैसला लिया जाएगा.
जलभराव से खराब हुई थी स्थिति
प्रगति मैदान मुख्य सुरंग और चार अंडरपास साल 2022 में वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिए गए थे लेकिन भैरों मार्ग के साथ अंडरपास नंबर- 5 यानि यह अंडरपास अभी अधूरा पड़ा है. साल 2023 में यमुना नदी के बाढ़ के पानी से जलभराव के बाद तकनीकी बाधा उत्पन्न होने पर इसका निर्माण कार्य रोक दिया गया था लेकिन अब इस हिस्से को पूरा किया जाएगा.
इस अंडरपास के ऊपर से दिल्ली से पूर्वोत्तर की ओर जाने वाली रेलवे की सबसे बिजी लाइन गुजरती है. यहां हर 3- 4 मिनट के बाद एक ट्रेन आती है, जिसके चलते अंडरपास के बचे हुए काम को पूरा करने में बाधा उत्पन्न हो रही है. इस काम को तभी पूरा किया जा सकता है जब इस रेलवे लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पर रोक लगेगी. PWD के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार इसे लेकर लगातार रेल मंत्रालय के संपर्क में हैं. अब रेल मंत्रालय कुछ- कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही रोकेगा और 40 दिनों के अंदर बचे हुए काम को पूरा किया जाएगा.
इन रूटों पर सफर बनेगा आसान
इस अंडरपास के बनने से भैरों मार्ग से रिंग रोड पर सीधे आश्रम की ओर वाहन गुजर सकेंगे. वहीं, रिंग रोड से राजघाट की ओर से आने वाले वाहन भैरों मार्ग पर आकर चिड़ियाघर की ओर बगैर रोक- रोट के जा सकेंगे.
