हरियाणा को 5983 करोड़ रुपए की नई रेल लाइन का तोहफा, 5 जिलों को मिलेगा तगड़ा फायदा

अंबाला | केंद्र की मोदी सरकार ने हरियाणा को एक और बड़ी सौगात दी है. बता दें कि दिल्ली से हरियाणा के कई जिलों से होते हुए अंबाला तक नई रेल लाइन बिछाई जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान की गई है. 194 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन पर 5983 करोड़ रुपये की लागत राशि खर्च होगी.

Railway Line Track 1

5 जिलों को मिलेगा तगड़ा फायदा

कैबिनेट मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस नई रेल लाइन का GT रोड बेल्ट की लाखों की आबादी को सीधा फायदा पहुंचेगा. यह रेल लाइन दिल्ली से वाया सोनीपत, पानीपत, करनाल और कुरुक्षेत्र से होते हुए अंबाला तक पहुंचेगी. इससे रणनीतिक लाभ के साथ ही दिल्ली से पंजाब और जम्मू तक रेल कनेक्टिविटी में सुधार होगा.

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह नई रेल लाइन सेना से लेकर सामान्य यात्रियों, सबके लिए महत्वपूर्ण साबित होगी. इस प्रोजेक्ट को 4 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. अच्छी बात यह है कि इस प्रोजेक्ट के लिए बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी क्योंकि मौजूदा रेल लाइन के साथ-साथ रेलवे की काफी जमीन लगती है जिसका इस्तेमाल इस नई रेल लाइन बिछाने में होगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर दिल्ली से पंजाब और आगे जम्मू तक कनेक्टिविटी और ज्यादा बेहतर हो जाएगी. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद 43 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइआक्साइड का उत्सर्जन रुकेगा.

जल्द पूरे होंगे यह प्रोजेक्ट्स

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि हरियाणा में इन दिनों कई बड़े रेल प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम चल रहा है. इनमें कुंडली- मानेसर- पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे के साथ- साथ बनने वाली नई इलेक्ट्रिक डबल ब्राड- गेज लाइन पलवल से शुरू होकर सोहना, मानेसर और खरखौदा के रास्ते हरसाना कलां (सोनीपत) को जोड़ेगी. इसी तरह करनाल- यमुनानगर के बीच नई रेल लाइन को मंजूरी मिल चुकी है. 61 किलोमीटर लंबी यह नई रेल लाइन इंद्री, लाडवा और रादौर के रास्ते कुरुक्षेत्र- यमुनानगर के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी जो मौजूदा 121 किलोमीटर की दूरी को घटाकर 61 किलोमीटर कर देगी. फिलहाल इस प्रोजेक्ट का सर्वे चल रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.