नई दिल्ली | होली पर्व पर घर आने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. इस अवसर पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए रेलवे ने नवगछिया- कटिहार रूट से होकर विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा कर दी है. इन ट्रेनों के संचालन से बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों से दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब की ओर आने वाले यात्रियों को राहत पहुंचेगी.
यह रहेगा शेड्यूल
- कामाख्या- दिल्ली- कामाख्या होली स्पेशल ट्रेन 25 फरवरी से निर्धारित तारीखों के बीच संचालित होगी.
- जोगबनी- आनंद विहार- जोगबनी होली स्पेशल ट्रेन 25 फरवरी से संचालित होगी.
- अमृतसर- कटिहार- अमृतसर होली स्पेशल ट्रेन का संचालन 25 फरवरी से शुरू होगा.
- मोहाली स्थित साहिबजादा अजीत नगर से कटिहार के लिए भी 25 फरवरी से होली स्पेशल ट्रेनें संचालित होगी.
यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि होली पर्व के मौके पर घर लौटने और वापस कार्यस्थल जाने वाले यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया गया है. इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़- भाड़ से निजात मिलेगी और यात्रियों के लिए कंफर्म टिकट मिलना आसान हो जाएगा.
उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे यात्रा से पहले समय- सारणी और आरक्षण की जानकारी भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित स्टेशन से हासिल करें ताकि बिना किसी परेशानी के यात्रा को सफल बनाया जा सके.
