चंडीगढ़ | हरियाणा में बुजुर्गों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए 5 मई को कुरुक्षेत्र से विशेष ट्रेन रवाना होगी. मुख्यमंत्री नायब सैनी कुरुक्षेत्र से इस ट्रेन को झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जाने वाली संगत को रवाना करेंगे. ऐसे वरिष्ठ बुजुर्ग, जिनकी उम्र 60 साल से ज्यादा हैं और उनकी सालाना फैमिली इनकम 1.80 लाख रुपए से कम हैं, वे इस योजना का मुफ्त लाभ उठा सकते हैं.
इस तारीख तक करें पंजीकरण
इस योजना का लाभ उठाने के लिए बुजुर्गों को सरल हरियाणा पोर्टल पर 15 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत आवेदन करने के लिए जिन दस्तावेजों की जरूरत होगी उनमें फैमिली आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शारीरिक रूप से यात्रा के लिए फिट होने का स्वयं घोषणा पत्र तथा पिछले 3 सालों में योजना का लाभ नहीं लेने की घोषणा शामिल है. आवेदक का हरियाणा का निवासी और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है. वरिष्ठ नागरिक को एक सहायक को पूर्ण भुगतान पर साथ ले जाने की अनुमति है.
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की निःशुल्क यात्रा का शुभ अवसर।
इच्छुक वरिष्ठ नागरिक 15 अप्रैल तक सरल पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP 5 मई को कुरुक्षेत्र से विशेष रेलगाड़ी… pic.twitter.com/DZ3GuKg2sg
— CMO Haryana (@cmohry) April 1, 2026
निःशुल्क यात्रा का मिलेगा लाभ
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर संचालित इस योजना में आवेदन के लिए परिवार पहचान- पत्र अनिवार्य है. इस योजना के तहत, यात्रियों के रहने, खाने और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा अपने स्तर पर की जाएगी. आवेदन करने के उपरांत आवेदक को सूचना अपने- अपने जिलों में स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में देनी होगी ताकि पात्र व्यक्तियों की सूचना रेलवे को समय पर भेजी जा सके. पंजीकृत व्यक्ति 16 अप्रैल से पहले यह सूचना DIPRO कार्यालयों में अवश्य दें.
