सैनिक स्कूल खारा-खेड़ी के दौरे पर पहुंचे मेघालय के पूर्व DGP, कैडेट्स को NDA के लिए किया प्रेरित

फतेहाबाद | रॉयल इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल, खारा खेड़ी स्थित सैनिक स्कूल में आज मेघालय के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) डॉ. एल. आर. बिश्नोई, IPS ने दौरा किया। स्कूल निदेशिका डॉ. ज्योत्स्ना , स्कूल प्रशासक श्री विक्रमादित्य एवं सैनिक स्कूल कमांडेंट कर्नल डॉ. डीवी नेहरा (सेवानिवृत्) ने विद्यालय परिसर में पहुंचने पर उनका हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया और कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं एवं उत्कृष्ट आधारभूत संरचना की सराहना की।

Fatehabad Sainik School

कैडेट्स को संबोधित करते हुए डॉ० बिश्नोई ने उन्हें राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में प्रवेश के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ईमानदारी, समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

नशे से दूर रहने की सलाह

उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहना और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है। उन्होंने कैडेट्स को सभी प्रकार की बुरी आदतों, विशेषकर नशे से दूर रहने की सलाह दी तथा एक स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने पर बल दिया। अपने संबोधन के दौरान डॉ. बिश्नोई ने सिविल सेवा की तैयारी से जुड़े अपने अनुभव भी कैडेट्स के साथ साझा किए। उनके प्रेरणादायक विचारों ने कैडेट्स में अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत की भावना को प्रोत्साहित किया।

डॉ. बिश्नोई ने इस बात पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि विद्यालय में देश के 23 राज्यों से आए कैडेट्स शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों और संस्कृतियों से आए विद्यार्थियों का एक साथ रहना और सीखना उनके व्यक्तित्व विकास, आपसी सद्भाव तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सौभाग्य की बात

विद्यालय की विजिटर्स बुक में अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. बिश्नोई ने लिखा कि सैनिक स्कूल, खारा खेड़ी का दौरा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधन और शानदार आधारभूत संरचना से प्रभावित होने की बात कही तथा डॉ. ज्योत्स्ना और कर्नल (डॉ.) डीवी नेहरा (सेवानिवृत्त) के उत्कृष्ट आतिथ्य के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अत्यंत मेहनती, अनुशासित और दृढ़ संकल्प वाला बताते हुए विद्यालय प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं। साथ ही, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति और सुख-समृद्धि की कामना की।

स्कूल चेयरमैन डॉ० युद्धवीर सिंह ने कहा कि डॉ. बिश्नोई का यह दौरा कैडेट्स के लिए प्रेरणादायक और मार्गदर्शक सिद्ध हुआ। उनके अनुभवों और संदेश ने विद्यार्थियों को अपने जीवन के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा राष्ट्र सेवा के लिए स्वयं को तैयार करने की प्रेरणा दी।

Avatar of Haryana E Khabar
Haryana E Khabar
View all posts