सोनीपत | हरियाणा में धान उत्पादक किसानों की चांदी बनी हुई है। इस बार किसानों को सीजन की शुरुआत से ही उंचा भाव मिल रहा है जिसकी खुशी उनके चेहरों पर साफ नजर आ रही है। पिछले साल सीजन के आखिर में भी किसानों को इतना भाव नहीं मिला था जितना इस बार सीजन की शुरुआत से ही मिल रहा है। प्रदेश की अनाज मंडियों में 1121 और 1718 धान की किस्म आना शुरू हो गई है।

1718 किस्म हाथ की कटाई के धान का किसानों को 4,600 रुपए प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। वहीं, 1121 किस्म धान का भाव भी सीजन की शुरुआत से ही शिखर पर बना हुआ है।
मिला इतना भाव
सोनीपत की गन्नौर अनाज मंडी में 1121 धान किस्म की हाथ कटाई का एक किसान को 5,035 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिला है। पिछले सीजन की बात करें तो यह भाव सीजन के आखिर तक भी नहीं पहुंच पाया था और इस बार सीजन की शुरुआत से ही भाव में अच्छी-खासी तेजी देखने को मिल रही है। किसानों का कहना है कि इस बार उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ है लेकिन अब भाव में तेजी से काफी हद तक इस नुकसान की भरपाई करने में मदद मिलेगी।
किसानों को नहीं होगी परेशानी
गन्नौर अनाज मंडी मार्केट कमेटी चेयरमैन ने बताया कि मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडी में किसानों के लिए बिजली-पानी, पक्की सड़कें, साफ-सुथरे शौचालय, अटल कैंटीन में मात्र 10 रुपए में भरपेट भोजन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।