हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है. खासकर रेलयात्रियों के लिए यह खबर बेहद खास है. बता दें कि रेलवे स्टेशन के यार्ड में डबल वॉशिंग लाइन निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. निर्माण के लिए पुराने भवनों व अन्य चीजों की सफाई करके मिट्टी डाली जा रही है. निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि 9 किलोमीटर की नई रेल लाइन बिछाई जाएगी.

इनमें 3 माशलिंग लाइन, 1 व्हील लेक लाइन, 6 स्टेबलिंग लाइन, 2 वॉशिंग लाइन, 2 पिट लाइन, सिक लाइन, वॉशिंग लाइन स्टेशन के साथ वाशिंग अंडरपास का निर्माण किया जाएगा.
लंबी दूरी की ट्रेनों का मिलेगा तोहफा
उन्होंने बताया कि नई वॉशिंग लाइन बनने से हिसार को अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा मिलने की संभावना बढ़ जाएगी. नई लाइन बिछाने से चंडीगढ़ वाली ट्रेन का रायपुर की बजाय हिसार रेलवे स्टेशन से संचालन किया जा सकेगा. वहीं, सिक लाइन बनने से डिब्बों की साधारण मरम्मत यहीं आसानी से हो सकेगी. खराब कोचों को अलग खड़ा करने की सुविधा भी मिल जाएगी.
स्टेशन पर केवल एक वॉशिंग लाइन है. ऐसे में ट्रेनों की धुलाई और मरम्मत के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है. इससे ट्रेन संचालन पर असर पड़ता है. नई डबल वाशिंग लाइन बनने के बाद ट्रेनों को वॉशिंग के लिए रुकना नहीं पड़ेगा. आमतौर पर एक ट्रेन की धुलाई और बेसिक मेंटेनेंस में लगभग 5 घंटे का समय लगता हैं. इसके बाद, ट्रेन लंबी दूरी के लिए रवाना हो जाती है.
इन ट्रेनों का मिलेगा तोहफा
- ट्रेन नंबर 15557/ 58 दरभंगा- आनंद विहार टर्मिनल- दरभंगा द्वि-साप्ताहिक का विस्तार हनुमानगढ़ तक वाया रोहतक -महम- हांसी- सिरसा- भटिंडा- अबोहर.
- ट्रेन नंबर 12303/ 04 और 12381/ 82, हावड़ा- नई दिल्ली- हावड़ा का विस्तार हिसार स्टेशन तक वाया रोहतक- महम- हांसी.
- ट्रेन नंबर 22167/ 68 सिंगरौली- हजरत निजामुद्दीन ऊर्जाधनी एक्सप्रेस.
- ट्रेन नंबर 64563/ 64, अम्ब अंदौरा ट्रेन.
- ट्रेन नंबर 14118/ 17 कालिंदी एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों का हिसार रेलवे स्टेशन पर विस्तार होने की संभावना है.
डबल वाशिंग लाइन का मिलेगा तगड़ा फायदा
रेलवे स्टेशन पर डबल वाशिंग लाइन बनने से हिसार रेलवे स्टेशन से बीकानेर, हनुमानगढ़, दिल्ली, चंडीगढ़, यूपी, बिहार समेत 10 से से ज्यादा पैसेंजर ट्रेनों का रास्ता खुलेगा. अब जो ट्रेनें दूर- दराज के इलाकों में 5 से 6 घंटे तक खड़ी रहती हैं उनका हिसार तक विस्तार किया जा सकेगा. चेन्नई, हरिद्वार, ऋषिकेश और अलवर जैसे शहरों के लिए नई ट्रेनें शुरू होने से जिले के लोगों को बहुत लाभ मिलेगा.