नई दिल्ली | आगामी गर्मियों की छुट्टियों में पर्यटन स्थलों पर भ्रमण की योजना बना रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि भारतीय रेलवे ने ट्रेन से सफर करने पर किराए में छूट का बड़ा ऐलान किया है. यदि आप RailOne ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करते हैं तो आपको 3% की छूट का लाभ मिलेगा.

14 जुलाई तक मिलेगा लाभ
रेलवे का कहना है कि इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी बल्कि डिजिटल पेमेंट को भी बढ़ावा मिलेगा. रेलयात्री 14 जुलाई तक इस छूट का लाभ उठा सकते हैं. इस छूट का लाभ केवल उन्हीं टिकटों पर मिलेगा जिनका भुगतान डिजिटल तरीकों से किया गया है.
भारतीय रेलवे का कहना है कि इस फैसले से उन लोगों को तगड़ा फायदा पहुंचेगा जो हर रोज छोटी दूरी की यात्रा के लिए अनारक्षित टिकट लेते हैं. 3% किराए पर छूट सिर्फ उन्हीं टिकटों पर लागू होगी जिन्हें RailOne प्लेटफॉर्म पर UPI, डेबिट या क्रेडिट कार्ड या फिर नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल माध्यम से बुक किया जाएगा. इससे न केवल कैशलैस लेन-देन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग करना भी आसान हो जाएगा.
इन्हें मिलेगा सबसे तगड़ा फायदा
ट्रेन टिकट पर 3% की छूट भले ही एक बार के लिए कम लग रही है लेकिन जो व्यक्ति रोजाना ट्रेनों से आवागमन करते हैं, उन्हें मंथली तौर पर अच्छी- खासी बचत का लाभ मिलेगा. रेलवे के इस कदम से रोजाना का सफर सस्ता होगा और साथ ही डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा मिलेगा.