चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र कल यानि सोमवार को शुरू होने जा रहा है. यह स्पेशल सेशन सुबह 11 बजे शुरू होगा. सत्र के दौरान ग्रुप डी के कर्मचारियों के प्रमोशन को लेकर बिल पेश किया जाएगा. ग्रुप डी कर्मचारियों की संख्या के बारे में बात करें तो इनकी संख्या करीबन 18 हजार है. इतना ही नहीं सत्ता पक्ष की तरफ से प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के विरुद्ध महिला आरक्षण बिल को लेकर निंदा प्रस्ताव सदन में लाया जाएगा.

हरियाणा विधानसभा सत्र बुलाया गया
विशेष सत्र की रणनीति को लेकर कांग्रेस की तरफ से भी सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे विधायक दल की बैठक बुलाने का फैसला लिया गया है. बैठक की अध्यक्षता पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा की जाएगी. सीएम नायब सिंह सैनी के मुताबिक हरियाणा में डी ग्रुप के 18 हजार युवाओं के प्रमोशन के मामले को कैबिनेट की तरफ से स्वीकृति मिल चुकी है. इसके लिए एक दिन का विधानसभा का सत्र आमंत्रित किया गया है.
यह कर्मचारी होंगे पात्र
हरियाणा में ग्रुप डी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. नायब सिंह सैनी सरकार की तरफ से ग्रुप डी से क्लर्क के पदों पर प्रमोशन कोटा 20% से बढ़ाकर 30% करने के लिए ‘हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज बिल 2026’ को मंजूरी मिल चुकी है. इसके लिए 27 अप्रैल 2026 को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें यह बिल पास किया जाएगा. 5 साल से ज्यादा सेवा पूरी करने वाले कर्मचारी इसके पात्र रहेंगे.