5 किलो शुद्ध देसी घेवर खाकर सोनीपत का देशी झोटा बना हीरो, ईनाम में जीता 75 किलो घी- 1 लाख रुपए

सोनीपत | जित दूध- दही का खाना, ऐसा मेरा हरियाणा. अपने देशी खाने- बाने के लिए मशहूर हरियाणा में एक शख्स ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि सुनने वाले दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर हो रहे हैं. यहां प्रदीप उर्फ देशी झोटा के नाम से मशहूर एक शख्स ने 5 किलो शुद्ध देसी घी से बना घेवर खाकर नया इतिहास रच दिया है.

Ghevar

देशी झोटे ने रचा इतिहास

सोनीपत जिले के गांव भैंसवाल कलां के लाल प्रदीप उर्फ देशी झोटा ने सैदपुर गांव स्थित गौशाला में बने शुद्ध देसी घी घेवर को खाकर ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि जो पूरे हरियाणा में चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने कुछ ही समय में 5 किलो घेवर ना केवल नया रिकॉर्ड स्थापित किया है बल्कि 1 लाख रुपए नकद और 75 किलोग्राम घी ईनाम भी जीता है.

प्रदीप उर्फ देशी झोटा के नाम से मशहूर यह शख्स बिल्कुल हंसी-मजाक के लहजे में 5 किलो घेवर ऐसे चट कर जाता है मानो कोई आम आदमी रोटी खा रहा हो. उन्होंने बताया कि इस चैलेंज को पूरा करने के लिए वह निरंतर प्रयास कर रहे थे जिसका सकारात्मक परिणाम आज सबके सामने है. इस चैलेंज को पूरा करने के लिए वह घर पर रोजाना कई किलोग्राम मीठा घी में मिलाकर खाते थे.

वीडियो हुआ वायरल

इस ऐतिहासिक चैलेंज की पूरी वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रही है. इस वीडियो को कई लाख लोग देख चुके हैं और हर कोई प्रदीप की हिम्मत और क्षमता की सराहना करते नही थक रहा है. लोगों का कहना है कि देशी घी से निर्मित 5 किलो घेवर खाना बेहद ही चुनौतीपूर्ण कार्य होता है लेकिन प्रदीप ने इस चैलेंज को बेहद आसानी से पूरा कर सभी को हैरत में डाल दिया है.

प्रदीप की इस उपलब्धि पर उनके गांव भैंसवाल कलां सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर छाई हुई है. हर कोई उनकी हिम्मत की दाद दे रहा है. उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल- मालाओं के साथ मिठाइयां बांटकर स्वागत किया. बता दें कि घेवर हरियाणा की बेहद प्रसिद्ध मिठाई है और सावन महीने में इसे विशेष तौर पर तैयार किया जाता है. सावन महीने में एक भाई जब अपनी बहन के घर कोथली लेकर जाता है तो उसमें घेवर को विशेष तवज्जो दी जाती है. यूं कहें कि बिना घेवर के कोथली का रंग नही जचता है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.