‘तत्वदर्शी’ के बाद ‘फिल्मी बाबा’, पाखंड के खिलाफ मासूम शर्मा के गानों ने बढ़ाई चर्चा; मंच से भी साधा निशाना

जींद | हरियाणवी सिंगर एवं कलाकार मासूम शर्मा ने भजन- कीर्तन के मंच से पाखंडवाद पर खुलकर कटाक्ष किया. जींद के पदाना धाम श्याम मंदिर में रविवार रात हुए आयोजन में मासूम शर्मा ने ‘तत्वदर्शी’ गाना गाते हुए कथित पाखंडी संस्थाओं और धर्म के नाम पर चल रहे कारोबार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ हिम्मत करके आवाज उठाई है और आगे भी बोलते रहेंगे.

Masoom Sharma

मासूम शर्मा ने मंच से कहा कि अगर वह स्टेज पर गाली दे दें तो लोग उसे तेजी से सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं, लेकिन अच्छी बातों को उतना आगे नहीं बढ़ाया जाता. उन्होंने लोगों से अपील की कि अच्छी बातों और सकारात्मक संदेशों को भी ज्यादा से ज्यादा शेयर करें.

बाबाओं पर कटाक्ष

उन्होंने ‘तत्वदर्शी’ गाने की कुछ पंक्तियां भी गाईं, जिनमें बालाजी के नाम पर दरबार लगाने, भूत भगाने और कथित पाखंडी बाबाओं पर कटाक्ष किया गया है. गाने में रेप केस में फंसे लोगों द्वारा वेदों की बात करने, चंदा जुटाने और कथा को बिजनेस बनाने जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठाए गए हैं. मासूम ने कहा कि कई पाखंडी लोग इसका फायदा उठा रहे हैं और धर्म के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ऐसे लोगों से खतरा हो सकता है, फिर भी वह उनके खिलाफ बोल रहे हैं.

सुनाए भजन

आयोजन में हरियाणवी कलाकार हैरी लाठर, सुरेंद्र रोमियो समेत अन्य कलाकार भी पहुंचे. सभी ने भजन प्रस्तुत किए. हैरी लाठर ने भी पाखंड के खिलाफ अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि कुछ लोग धर्म की आड़ में नशा करते हैं, जबकि सबसे बड़ा धर्म अपने माता-पिता की सेवा करना है. मासूम शर्मा ने 8 सितंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘फिल्मी बाबा’ गाने का 3.41 मिनट का ऑफिशियल ट्रैक जारी किया. इस गाने में भी कथित पाखंडी बाबाओं और डेरों को निशाने पर लेते हुए सवाल उठाए गए हैं. गाना मासूम शर्मा ने गाया है, जबकि इसके लिरिक्स कलाकार अमर करनावल ने लिखे हैं.

रामपाल से तनातनी

मासूम शर्मा और हैरी लाठर की सतलोक आश्रम धनाना के संचालक रामपाल से तनातनी भी चल रही है. दोनों कलाकार लाइव आकर कथित धमकी मिलने की बात कह चुके हैं. उन्होंने कहा था कि पाखंड के खिलाफ अभी कई और गाने आने वाले हैं. ऐसे में ‘फिल्मी बाबा’ के बाद इस मुद्दे पर उनके नए गानों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.