फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अब दिल की जांच के लिए बार- बार बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा. स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 14 स्वास्थ्य केंद्रों पर Tele ECG की सुविधा शुरू कर दी है. इसके तहत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर ही मरीज की ईसीजी जांच होगी और रिपोर्ट विशेषज्ञ हृदय रोग चिकित्सकों से प्राप्त की जा सकेगी. इससे शुरुआती स्तर पर हृदय संबंधी परेशानी की पहचान करना आसान होगा. Tele ECG सुविधा के तहत स्वास्थ्य केंद्रों पर टैब आधारित मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है.
मरीज की ईसीजी करने के बाद उसकी डिजिटल इमेज और संबंधित डेटा ऑनलाइन देहरादून स्थित AI Command Center भेजा जाता है. वहां विशेषज्ञ चिकित्सक ईसीजी का अध्ययन करने के बाद रिपोर्ट तैयार करते हैं. इसके बाद रिपोर्ट वापस उसी स्वास्थ्य केंद्र को ऑनलाइन भेज दी जाती है.
रिपोर्ट की डिजिटल कॉपी
विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर स्थानीय डॉक्टर मरीज की स्थिति को देखते हुए आगे की सलाह देते हैं. अगर जांच में हृदय की धड़कन में गड़बड़ी या किसी अन्य समस्या के संकेत मिलते हैं तो मरीज को जरूरत के अनुसार बड़े अस्पताल में आगे की जांच और उपचार के लिए रेफर किया जा सकता है. इस पूरी प्रक्रिया में मरीज की जांच का रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रहता है. मरीज के अनुरोध पर ईसीजी की डिजिटल तस्वीर और रिपोर्ट उसके मोबाइल नंबर पर भी भेजी जा सकती है. इससे वह भविष्य में अपनी रिपोर्ट किसी दूसरे डॉक्टर को दिखाने के लिए सुरक्षित रख सकता है. पुरानी जांच का रिकॉर्ड भी जरूरत पड़ने पर देखा जा सकेगा.
इन स्वास्थ्य केंद्रों में शुरू हुई सुविधा
बीके अस्पताल की इमरजेंसी के अलावा सीएचसी कौराली, तिगांव, खेड़ीकलां और पाली में यह सुविधा उपलब्ध है. पीएचसी छांयसा, दयालपुर, धौज, मोहना, पल्ला और अनंगपुर को भी जोड़ा गया है. एफआरयू- 1 सेक्टर- 30, एफआरयू- 2 सेक्टर- 3 और सामान्य अस्पताल बल्लभगढ़ में भी Tele ECG की सुविधा मिल रही है. सीएमओ डॉ जयंत आहूजा ने बताया कि इसका सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण मरीजों को मिलेगा. स्थानीय स्तर पर ईसीजी जांच और विशेषज्ञ रिपोर्ट उपलब्ध होने से बीके अस्पताल पर निर्भरता कम होगी.
