हिसार | नवरात्रों पर हिसार जिले के प्रसिद्ध बनभौरी धाम जाने की योजना बना रहे माता के भक्तों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। इस बार मंदिर प्रबंधन कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए कुछ नए इंतजाम किए गए हैं ताकि बिना किसी परेशानी के भक्त बनभौरी माता के दर्शन कर सकें। इस बार श्रद्धालुओं के लिए कुछ विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।

नवरात्रों पर मंदिर परिसर में पहुंचने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई का काम जोरो-शोरों से चल रहा है। बिना किसी परेशानी के श्रद्धालु आराम से माता रानी के दर्शन कर सकें इसके लिए मंदिर परिसर में नई सुविधाओं को जोड़ा गया है।
श्रद्धालुओं को मिलेगी नई सुविधाएं
पहले की व्यवस्थाओं में कमी को देखते हुए दर्शन के लिए बनाई गई लाइनों में बढ़ोतरी की गई है। पहले दर्शन के लिए सिर्फ एक ही लाइन थी लेकिन अब इन्हें बढ़ाकर 4 कर दिया गया है। दिव्यांग, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को दर्शन के लिए अलग से लाइन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा VIP और सरकारी अधिकारियों के दर्शन के लिए भी अलग से लाइन बनाई गई हैं ताकि धक्का-मुक्की और अफरातफरी के माहौल से बचाव हो सके। चारों लाइनों के लिए अलग-अलग Entry और Exit प्वाइंट बनाए गए हैं।
आगे सिर्फ प्रसाद ही लाएं
मंदिर परिसर में गर्मी को देखते हुए पंखे और कूलर की व्यवस्था की गई है। पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगाएं गए हैं। इस बार गेहूं और नारियल को साथ लेकर मंदिर नहीं आना होगा। इनके रखने के लिए मंदिर परिसर में अलग स्थान बनाया गया है ताकि सफाई व्यवस्था बनी रहें। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सिर्फ प्रसाद ही आगे लेकर आएं।
श्रद्धालुओं से प्रार्थना की गई है कि वे ज्योत के लिए मिट्टी के दीए साथ लेकर मत आए। श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल हवन कुंड बनाया गया है। इसी में श्रद्धालु अपनी ज्योत डाल सकेंगे। प्रबंधन कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे एक जगह खड़े होकर भीड़ की स्थिति पैदा मत करें। दर्शन के लिए बनाई गई लाइनों में चलते रहे और माता बनभौरी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।