चंडीगढ़, महर्षि वाल्मीकि जयंती | समाज में हर व्यक्ति को सम्मान और आगे बढ़ने का समान अवसर मिले, इसके लिए शिक्षा, रोजगार और आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं अहम भूमिका निभाती हैं। महर्षि वाल्मीकि के विचार भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और समानता का रास्ता दिखाते हैं। बता दें कि महर्षि वाल्मीकि प्रकट उत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और आदि कवि महर्षि वाल्मीकि को नमन किया।

इस दौरान उन्होंने रामायण के महत्व और समाज में समानता की जरूरत पर बात रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव समाज को सही दिशा दिखाने वाला मार्गदर्शक है।
सरकार की योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने वंचित अनुसूचित जातियों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। इसके अलावा गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह पर 71,000 रुपये तक शगुन और मकान की मरम्मत के लिए 80,000 रुपये तक की सहायता देने की व्यवस्था है। अंतरजातीय विवाह करने वाले जोड़ों को 2.5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का भी प्रावधान किया गया है।
भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के अनुयायियों के चरण चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में पड़े हैं, यह परम सौभाग्य की बात है।
आज ‘महर्षि वाल्मीकि जयंती’ पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पधारे सभी परिवारजनों का मैं आभार प्रकट करता हूँ। उन्होंने रामायण के माध्यम से मानव समाज को मर्यादा, मानवता और जाति, वर्ण एवं वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठने का मंत्र दिया। रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव समाज के संविधान की तरह है।
वाल्मीकि समाज ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है। उनके योगदान का सम्मान करने के लिए अनुसूचित जातियों के आरक्षण का वर्गीकरण किया गया तथा कल्याण और अधिकारों के संरक्षण के लिए आयोगों का गठन किया गया।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) October 26, 2026
अधिकारों पर जोर
मुख्यमंत्री के अनुसार, 5,000 से अधिक सफाई कर्मचारियों को संबंधित नगर पालिकाओं के रोल पर लिया गया है। वहीं, अनुसूचित जातियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आयोग का गठन भी किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने जाति, वर्ण और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों में भी इसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।