अंबाला | हरियाणा में गंभीर बीमारी या ऑपरेशन का खर्च आम परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगाड़ सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाएं बड़ी राहत देती हैं। अब हरियाणा में ज्यादा वार्षिक आय वाले परिवारों को भी आयुष्मान-चिरायु योजना का लाभ लेने का मौका मिलने जा रहा है। बता दें कि सरकार ने चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना का दायरा बढ़ाते हुए 6 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए भी पोर्टल खोल दिया है।

इच्छुक परिवार 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। परिवार की सालाना आय के अनुसार शुल्क देना होगा, जिसकी अधिकतम सीमा 5 हजार रुपये प्रति वर्ष रखी गई है।
5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा
योजना में शामिल होने वाले परिवार पैनल में शामिल सरकारी और निजी अस्पतालों में सालाना 5 लाख रुपये तक का इलाज करवा सकेंगे। इससे अधिक आय के कारण अब तक योजना से बाहर रहने वाले परिवारों को भी गंभीर बीमारियों और ऑपरेशन के खर्च में राहत मिल सकेगी।
बन चुके हैं लाखों आयुष्मान कार्ड
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्ष 2011 के सर्वे के आधार पर आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में 2 लाख 48 हजार 906 कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं, 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए शुरू चिरायु योजना में करीब 3 लाख 60 हजार कार्ड बने हैं।
1.80 लाख से 3 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों में 47 हजार 547 परिवार योजना का लाभ ले चुके हैं।
घर बैठे ऑनलाइन बनवाएं आयुष्मान कार्ड
कार्ड बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इच्छुक परिवार चिरायु आयुष्मान हरियाणा पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद परिवार पहचान पत्र से जुड़ी जानकारी के सत्यापन के लिए मोबाइल पर ओटीपी आएगा। सत्यापन पूरा होने पर शुल्क जमा करने का विकल्प मिलेगा।
जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, वे नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर भी आवेदन करवा सकते हैं। जिला सूचना अधिकारी उज्ज्वल वर्मा के अनुसार, 30 नवंबर तक पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।