चंडीगढ़ | सर्दियों में कोहरा बढ़ते ही रेल यात्रियों का सफर मुश्किल होने लगता है। कई बार कम दृश्यता के चलते ट्रेनों की रफ्तार एकदम धीमी हो जाती है, तो कुछ ट्रेनों को रद्द भी करना पड़ता है। इस बार चंडीगढ़ से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बता दें किभारतीय रेलवे (Indian Railways) ने सर्दियों में घने कोहरे को देखते हुए चंडीगढ़ से चलने और यहां पहुंचने वाली 8 ट्रेनों को करीब 3 महीने के लिए रद्द करने का फैसला लिया है।

इन ट्रेनों में अमृतसर, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, फिरोजपुर और डिब्रूगढ़ जाने वाले रूट की ट्रेनें शामिल हैं। अलग-अलग ट्रेनों का संचालन 1 और 2 दिसंबर से बंद होगा। ये ट्रेनें फरवरी के अंत या मार्च 2027 की शुरुआत तक रद्द रहेंगी।
रफ्तार होगी कम
रेलवे ने कोहरे के दौरान सुरक्षित रेल संचालन के लिए लोको पायलटों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सामान्य परिस्थितियों में 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली ट्रेनों को कोहरे के दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाया जाएगा। ऐसे में कई ट्रेनों के निर्धारित समय से देरी से पहुंचने की संभावना है।
ट्रेनों की जानकारी
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए रेलवन ऐप, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 की मदद ली जा सकती है। इसके अलावा, रेलवे स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।