हिसार | हरियाणा के हिसार में दिल्ली की तरफ से आने-जाने वाले लोगों को अक्सर भारी ट्रैफिक और सड़क हादसों का सामना करना पड़ता है। खासकर दिल्ली चुंगी क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही के कारण परेशानी बढ़ जाती है। अब इस समस्या से राहत दिलाने के लिए यहां एक बड़ा प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। बता दें कि नेशनल हाईवे-9 पर हिसार वेलकम गेट से चांद सितारा होटल तक 6-लेन का फ्लाईओवर और व्हीकुलर अंडरपास (VUP) बनाने की योजना है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के इस प्रोजेक्ट की प्रारंभिक हॉरिजॉन्टल ड्राइंग सामने आ चुकी है। इस स्थान को सड़क हादसों के कारण ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है।
लंबा होगा फ्लाईओवर
प्रस्तावित प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 1.275 किलोमीटर होगी। दिल्ली चुंगी के मुख्य जंक्शन पर 15×30×15 मीटर के तीन स्पैन वाला कुल 60 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। इसके साथ 5.5 मीटर ऊंचाई का व्हीकुलर अंडरपास भी प्रस्तावित है। इसमें 6-लेन मुख्य कैरिजवे के अलावा दोनों तरफ सर्विस रोड, आरई-वॉल, पक्के फुटपाथ और जल निकासी के लिए ड्रेन बनाई जाएगी। फिलहाल प्रारंभिक लेआउट तैयार है और अंतिम ड्राइंग व अलाइनमेंट को मंजूरी मिलना बाकी है।
निर्माण का खर्च
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने इस ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करवाने और प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दिलाने में विशेष भूमिका निभाई है। NHAI के माध्यम से मंजूरी मिलने से निर्माण का खर्च केंद्र सरकार उठाएगी। इससे हरियाणा सरकार के खजाने पर करोड़ों रुपये का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। मरीन चीफ इंजीनियर संदीप बाना के मुताबिक, इस क्षेत्र में यातायात सुधारने के लिए तीन फ्लाईओवरों की श्रृंखला विकसित करने की योजना है।
हिसार कैंट के ऊपर बनने वाले फ्लाईओवर को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इससे शहर के नागरिकों के साथ हिसार कैंट और भारतीय सेना के भारी वाहनों व काफिलों की आवाजाही भी सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।