सोनीपत ब्रेजा कार विवाद में नया खुलासा, CCTV में बैंक्वेट हॉल पहुंचता दिखा दूल्हा; महिला आयोग सख्त

सोनीपत | शादी का दिन हर लड़की और उसके परिवार के लिए जिंदगी के सबसे खास पलों में से एक होता है। लेकिन सोनीपत में बारात लौटने की घटना ने दुल्हन के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार का आरोप है कि इस घटनाक्रम के बाद बेटी की मानसिक स्थिति बिगड़ गई और उसने दो बार आत्महत्या करने की कोशिश की। बता दें कि यह मामला 20 नवंबर को हुई शादी से जुड़ा है।

Sonipat Dowry Case 1

दुल्हन के पिता सुभाष का आरोप है कि ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल कुलदीप और उसके परिवार ने बारात वापस लौटा दी थी। पिता के मुताबिक, उनकी बेटी मंडप में बैठकर रोती रही और अब परिवार उसे अकेला छोड़ने से डरता है।

CCTV में दिखा दूल्हा

इस बीच शादी वाले दिन का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें कुलदीप सादे कपड़ों में अकेले बैंक्वेट हॉल में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। फुटेज में एक व्यक्ति उसे हाथ से इशारा कर कुछ नहीं होने की बात कहता नजर आता है। लड़की के परिवार का दावा है कि कुलदीप वहां ब्रेजा कार खड़ी होने की जानकारी लेने पहुंचा था। हालांकि, कुलदीप कार की मांग के आरोपों को पहले ही खारिज कर चुका है। दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया है कि कुलदीप की पहले भी शादी हो चुकी थी और उसने यह बात उनके परिवार से छिपाई। इस आरोप की भी जांच की मांग की गई है।

आयोग ने दिए निर्देश

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने मामले में खुद संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि लड़की के परिवार से बातचीत की गई है और पुलिस से भी जानकारी ली गई है। दोनों परिवारों ने आपसी बातचीत के लिए समय मांगा है, लेकिन समझौते की संभावना के चलते मामला बंद नहीं होगा। आयोग ने पुलिस को संबंधित धाराओं में FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। चेयरपर्सन के मुताबिक, सामने आए डिजिटल साक्ष्य प्रथम दृष्टया घटना की पुष्टि करते दिखाई दे रहे हैं। आयोग अपने स्तर पर भी जांच करेगा और मामले को दबाने नहीं दिया जाएगा।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.