हरियाणा में फिर शीतलहर और घने कोहरे ने दी दस्तक, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट किया जारी

चंडीगढ़ | हरियाणा का मौसम फिर से बदल चुका है. मौसम विभाग ने पहले ही जानकारी दी थी कि नए साल के बाद दोबारा से ठंड बढ़ेगी. यही कारण है कि हवाओं की दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिम की ओर जाने से एक बार फिर प्रदेश के कई जिले शीत लहर की चपेट में आ गए हैं. बर्फीली हवा चलने से न्यूनतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 5 जनवरी तक राज्य में शीत लहर, घने कोहरे और ठंडे दिनों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

COLD SARDI

मौसम विभाग ने किया अलर्ट

मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हाड़ कंपा देने वाली सूखी ठंड ने एक बार फिर पूरे मैदानी राज्यों खासकर हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. एक बार फिर उत्तरी बर्फीली हवाओं ने मैदानी राज्यों पर करवट ली है.

इससे हरियाणा और दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 5.0 से 7.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. दोनों हवाओं के अलग होने के साथ ही हल्के बादल भी नजर आए. रविवार को राज्य के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान 3.0 से 7.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया जबकि अधिकतम तापमान 14 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

चंडीगढ़ में तापमान और गिरेगा

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अन्य वर्षों की तुलना में इस साल सर्दी के मौसम में उत्तर भारत में बारिश कम हुई है. इसका असर मौसम पर भी पड़ा है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है. अगले दो दिनों तक लोगों को हल्की धुंध भी झेलनी पड़ सकती है. मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले पांच दिनों में दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं होगा. अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में मुख्यमंत्री दुग्ध उपहार योजना शुरू, सरकारी स्कूलों की छात्राओं को मिलेगा फ्लेवर्ड मिल्क पाउडर व मिल्क बार
Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.