अंबाला | भीषण ठंड के बीच ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. बता दें कि पंजाब की सबसे बिजी रेलवे लाइन अमृतसर- जालंधर सिटी पर जालंधर सिटी यार्ड में पुल नंबर- 28 के पुराने गार्डरों को हटाकर नए स्लैब डालने का फैसला लिया गया है.
इसके चलते रेलवे द्वारा 28 से 31 जनवरी तक ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा जिसके कारण अमृतसर- दिल्ली इंटरसिटी सहित कई प्रमुख ट्रेनें रद्द रहेगी जबकि एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को रूट डायवर्ट से संचालित किया जाएगा.
ट्रेनों में सफर करने से पहले पढ़ें यह
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि पुल निर्माण कार्य को दो बड़े ब्लॉक में पूरा किया जाएगा. पहला ब्लॉक डाउन लाइन पर 28 व 29 जनवरी को रात साढ़े 9 बजे से अगले दिन सुबह साढ़े 9 बजे तक और दूसरा ब्लॉक 30 व 31 जनवरी को रात साढ़े 10 बजे से सुबह साढ़े 10 बजे तक लिया जाएगा.
रद्द ट्रेनों की सूची
- ब्लॉक कार्य के चलते 29 और 31 जनवरी को ट्रेन नंबर 14680/79, अमृतसर- दिल्ली- अमृतसर रद्द रहेगी.
- 31 जनवरी को ट्रेन नंबर 12054/53, अमृतसर- हरिद्वार एक्सप्रेस और जालंधर- फिरोजपुर ट्रेन रद्द रहेगी.
रूट डायवर्ट से चलेगी यह ट्रेनें
टाटा से जम्मूतवी के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 18309, अब जालंधर सिटी, ब्यास और अमृतसर नहीं जाएगी. यह ट्रेन वाया जालंधर कैंट- मुकेरियां- पठानकोट होकर संचालित होगी.
ट्रेन नंबर 22430, पठानकोट- दिल्ली एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 11906, होशियारपुर- आगरा कैंट भी रूट डायवर्ट से संचालित होगी.
पूछताछ नंबर पर करें संपर्क
ब्लॉक कार्य के दौरान बिजली की लाइनें बंद रहेगी. इसके लिए भी रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं. ट्रेन नंबर 12014, अमृतसर- नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 12926, पश्चिम एक्सप्रेस और गोल्डन टेंपल जैसी एक दर्जन ट्रेनों को लुधियाना या फगवाड़ा से अमृतसर के बीच डीजल इंजन लगाकर निकाला जाएगा.
यात्री ब्लॉक अवधि के दौरान घर से निकलने से पहले पूछताछ नंबर 139 या एनटीईएस एप्लिकेशन पर अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर चेक कर लें. कई ट्रेनों को बीच रास्ते में 30 मिनट से लेकर 3 घंटे तक रोककर चलाया जाएगा- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला डिविजन
