अंबाला | ट्रेन में दैनिक यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली- अंबाला रूट के रास्ते पंजाब की ओर आवाजाही करने वाली अप- डाउन की भटिंडा एक्सप्रेस ट्रेन 10 दिनों तक रद्द रहेगी. दादर एक्सप्रेस ट्रेन करीब 2 महीने तक डेढ़ घंटे की देरी से संचालित होगी. उत्तर रेल मंडल के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि राजपुरा जंक्शन व भटिंडा खंड में चल रहे दोहरीकरण कार्य व इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य के चलते यह फैसला लिया गया है.
कई ट्रेनें रहेगी रद्द
उन्होंने बताया कि रेलवे की ओर से 3 दिसंबर से अगले साल फरवरी महीने तक राजपुरा जंक्शन व भटिंडा खंड में दोहरीकरण और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग संबंधी कार्य किए जाएंगे. ऐसे में 3 दिसंबर से 5 फरवरी तक दिल्ली- अंबाला सहित यूपी, हिसार, रोहतक व पंजाब रूट की 18 ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रद्द रहेगी.
पंजाब से हिसार के रास्ते राजस्थान के लिए आवाजाही करने वाली 10 ट्रेनें 1 दिसंबर से रद्द कर दी गई है. 2 ट्रेनों को अंबाला की बजाय भटिंडा तक संचालित किया जाएगा. 22 एक्सप्रेस ट्रेनों को पंजाब में रूट डायवर्ट से चलाया जाएगा. ऐसे में दिल्ली- फाजिल्का रूट पर चलने वाली भटिंडा एक्सप्रेस ट्रेन 27 जनवरी से 5 फरवरी तक रद्द रहेगी.
डेढ़ घंटे की देरी से चलेगी दादर एक्सप्रेस
भटिंडा एक्सप्रेस ट्रेन का सोनीपत रेलवे स्टेशन पर सुबह 11.40 बजे व दोपहर 01.38 बजे ठहराव निर्धारित हैं. इसके अलावा, दादर एक्सप्रेस ट्रेन 3 दिसंबर से 5 फरवरी तक अमृतसर स्टेशन से डेढ़ घंटे की देरी यानि सुबह 08.50 की बजाय 10.20 बजे संचालित होगी.
