हरियाणा में उपचुनाव की आहट, कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी; विधायक पत्नी भी दे सकती इस्तीफा

अंबाला | हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में एक सीट पर मिली जीत को अभी कांग्रेस पार्टी सेलिब्रेट ही कर रही थी लेकिन उससे पहले पार्टी को 11 हजार वोल्टेज का तगड़ा झटका पहुंचा हैं. बता दें कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ओर से 5 विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग की गई हैं यानि इन विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर दूसरे उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है. अब कांग्रेस पार्टी ने इन पांचों विधायकों को नोटिस देने की बात कही है.

INC Congress

कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा अलविदा

हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी को अलविदा कह दिया है. उनकी पत्नी शैली चौधरी अंबाला जिले की नारायणगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायिका है. कल राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान कांग्रेस विधायिका शैली चौधरी मुख्यमंत्री नायब सैनी के राजनीतिक सलाहकार तरूण भंडारी के साथ नजर आई थीं. क्रास वोटिंग करने वाले कांग्रेस के पांच विधायकों में उनका नाम बताया जा रहा है.

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस विधायिका शैली चौधरी भी इस्तीफा दे सकती है. ऐसे में प्रदेश में उपचुनाव की आहट सुनाई देने लगी है. बताया जा रहा है कि इसकी पूरी पटकथा लिखी जा चुकी है. रामकिशन गुर्जर और उनकी पत्नी शैली चौधरी को कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा के बेहद करीबियों में गिना जाता है.

क्रास वोटिंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमने क्रॉस वोटिंग करने वाले सभी 5 विधायकों के नाम केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिए हैं. उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. बता दें कि कांग्रेस पार्टी के 5 विधायकों ने कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध को मतदान करने की बजाय निर्दलीय सतीश नांदल के पक्ष में मतदान किया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.