अंबाला कैंट और सिटी बस स्टैंड बनेंगे हाईटेक, यात्रियों को मिलेगी जबरदस्त सुविधाएं

अंबाला | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अंबाला कैंट और अंबाला शहर बस अड्डों के व्यापक पुनर्विकास की योजना तैयार की है. अंबाला कैंट बस अड्डे को सौर ऊर्जा आधारित स्मार्ट ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया जाएगा.

fotojet 7

AC वेटिंग रूम और ठंडे पानी की सुविधा

सबसे बड़ा बदलाव लॉरेंस रोड की ओर दिखाई देगा. यहां बसों के लिए अलग प्रवेश व निकास द्वार बनाए जाएंगे. इससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव घटेगा और बसों की आवाजाही सुचारु हो सकेगी. प्रवेश द्वार के पास ही ऑटो व रिक्शा स्टैंड प्रस्तावित हैं, ताकि बस से उतरते ही स्थानीय परिवहन आसानी से उपलब्ध हो सके. मौजूदा 18 बस- बे को बनाए रखते हुए दो नए प्लेटफॉर्म जोड़े जाएंगे. यात्रियों के लिए आधुनिक और वातानुकूलित वेटिंग रूम बनाया जाएगा. बस स्टैंड पर विशेष रूप से चिलिंग प्लांट लगाया जाएगा ताकि पूरे परिसर में ठंडा पानी बिना वाटर कूलर के मुहैया कराया जा सके.

इलेक्ट्रिक बसों की बढ़ेगी संख्या

अंबाला कैंट बस अड्डा परिसर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा. यहां एक बार में 4 बसें चार्ज हो सकेगी. वहीं, इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को शांत, आधुनिक और आरामदायक बसों का लाभ मिलेगा.

वहीं, सिटी बस अड्डा परिसर में 22 करोड़ रुपए से इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन और वर्कशॉप तैयार की जाएगी. यहां 12 नए तिरछे बस- बे बनाए जाएंगे, जिससे बसों के प्रवेश और निकास में आसानी होगी. 40 मीटर लंबा चार्जिंग शेड तैयार किया जाएगा. 33 kV क्षमता का सब- स्टेशन और कई चार्जिंग प्वॉइंट लगेंगे. यात्रियों को एयर कंडीशन वेटिंग रूम की सुविधा मिलेगी.

बूम बैरियर पार्किंग की मिलेगी सुविधा

कैंट बस अड्डे पर प्रवेश और निकास द्वारों पर स्वचालित बूम बैरियर लगाए जाएंगे, जो वाहनों की नियंत्रित आवाजाही सुनिश्चित करेंगे. इससे अनावश्यक वाहनों का प्रवेश रोका जा सकेगा. बसों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी और पार्किंग प्रबंधन भी आसान होगा. नई योजना में बस स्टैंड के चारों ओर बड़े हिस्से को पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है. लॉरेंस रोड और मुख्य भवन के आसपास निजी वाहनों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा.

सिटी बस स्टैंड पर इलेक्ट्रिक बसों की वर्कशॉप का कार्य शुरू हो गया है. कैंट अड्डे की भी सारी प्रकिया पूरी हो गई है. जल्द टेंडर लगाया जाएगा. इसके बाद जल्द ही दोनों बस अड्डे स्मार्ट ट्रांजिट हब के रूप में विकसित हो जाएंगे- अश्वनी डोगरा, जीएम, रोडवेज

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.