अंबाला | उत्तर भारत के राज्यों हरियाणा और पंजाब आदि में घने कोहरे और सर्द मौसम की चुनौती को देखते हुए उत्तर रेलवे ने 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक कई पैसेंजर ट्रेनों को अस्थाई रूप से रद्द करने की घोषणा कर दी है. अंबाला डिविजन के सीनियर रेलवे अधिकारी ने बताया कि कोहरे के चलते दृश्यता कम होने, सिग्नलिंग में रूकावट और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है.
पहले ही कदम उठाने जरूरी
सीनियर अधिकारी ने बताया कि सर्दी के मौसम में उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरा इतना घना हो जाता है कि रेलवे लाइन पर दृश्यता 20- 30 मीटर तक सीमित रह जाती है. ऐसी स्थिति में ट्रेनों का सुरक्षित संचालन किसी चुनौती से कम नहीं हो जाता है. इसी कारण पहले से ही जोखिम भरे रूटों की पहचान कर इन ट्रेनों को अस्थाई रूप से रद्द किया गया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके.
रद्द ट्रेनों की सूची
- ट्रेन नंबर 64517/ 16, अंबाला कैंट- नांगल डैम- अंबाला कैंट
- ट्रेन नंबर 54765/ 66, धूरी जंक्शन- भटिंडा- धूरी जंक्शन
- ट्रेन नंबर 54557/ 58, अंबाला कैंट- पटियाला- अंबाला कैंट
- ट्रेन नंबर 64483, कुरूक्षेत्र- अंबाला कैंट
दैनिक यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
रेलवे के इस फैसले से अंबाला, कुरूक्षेत्र, पटियाला, भटिंडा जैसे इलाकों से रोजाना ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी. ये पैसेंजर ट्रेनें सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का प्रमुख साधन थी, लेकिन अब यात्रियों को निजी वाहनों के भरोसे अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचना होगा, जिससे समय और खर्च दोनों ही बढ़ने की संभावना है.
