अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले में खाने के शौकीन लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि यहां शहर के छावनी क्षेत्र में गांधी मैदान के साथ 3 करोड़ रुपए की लागत से नाइट फूड स्ट्रीट का निर्माण किया गया है. स्ट्रीट के पहले चरण में 1 करोड़ रूपए और दूसरे चरण में 2 करोड़ रूपए खर्च किए गए है. इस फूड स्ट्रीट को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है.
200 लोगों के बैठने की व्यवस्था
इस नाइट फूड स्ट्रीट में 60 दुकानें बनाई गई है, जिसमें 40 शाकाहारी और 20 मांसाहारी लोगों के लिए है. इसके अलावा फूड स्ट्रीट में 200 लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है. पार्किंग की सुविधा भी दी गई है जहां करीब 50 गाड़ियां खड़ी की जा सकती है. यहां साफ- सफाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए CCTV कैमरे, गार्ड और अलग से शौचालय की व्यवस्था की गई है.
खेलने के लिए विशेष व्यवस्था
बच्चों के खेलने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यह स्थान परिवारों के लिए एक आकर्षक जगह बन रही है. इसके शुरू होने से अंबाला के लोगों को नया फूड हब मिल गया है जहां रात के समय भी अलग- अलग स्वादिष्ट व्यंजन चखने को मिल रहे है. प्रशासन का मानना है कि इससे लोगों को सुरक्षित और मनोरंजक माहौल मिलेगा.
