अंबाला | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में कुरुक्षेत्र जिले में स्थित पेहवा में लगने वाले चैत्र चौदस मेले के लिए स्पेशल बसों के संचालन का फैसला लिया गया है. बता दें कि इस प्राचीन धार्मिक मेले का आयोजन मुख्य रूप से चैत्र मास की कृष्ण चतुर्दशी को सरस्वती तीर्थ पर होता है.
यह मेला पूर्वजों के पिंडदान, श्राद्ध और सरस्वती नदी में पवित्र स्नान के लिए विख्यात है जहां हर साल सिर्फ हरियाणा ही नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
मेला स्पेशल बसें होगी संचालित
16- 19 मार्च तक आयोजित होने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं की भीड़- भाड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने कमर कस ली है. इस ऐतिहासिक मेले में आवाजाही के लिए श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंबाला रोडवेज डिपो ने लगभग 100 मेला स्पेशल बसों के संचालन का फैसला लिया है. यह बसें अंबाला सिटी बस स्टैंड से पिहोवा के बीच आवागमन करेगी.
अंबाला रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि पिहोवा में आयोजित चैत्र चौदस मेले के लिए परिवहन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली है और यात्रियों को आरामदायक सफर कराने के उद्देश्य से 16 मार्च से ही मेला स्पेशल बसें अंबाला से पिहोवा के लिए चलना शुरू हो जाएगी. इसके लिए अंबाला डिपो के रोडवेज कर्मचारियों की छुटियां रद्द कर दी गई है.
यह रहेगी टाइमिंग
उन्होंने बताया कि 18 व 19 मार्च को श्रद्धालुओं की सबसे ज्यादा भीड़ रहेगी. ऐसे में इन दोनों ही दिनों पर 50 से ज्यादा बसें संचालित की जाएगी. सुबह 9 बजे से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. जैसे ही सवारियों से बस भर जाएगी, तुरंत बस को रवाना कर दिया जाएगा यानि थोड़े- थोड़े अंतराल के बाद अंबाला सिटी बस स्टैंड से मेला स्पेशल बसें चलती रहेगी.
बीच रास्ते जनसुई हेड बस स्टैंड पर इन बसों का ठहराव दिया गया है. यहां पर चेक पोस्ट रहेगी. इस दौरान यात्रियों को चाय- पानी के लिए थोड़ा समय भी मिल जाएगा.
