अंबाला | हरियाणा में अवैध कालोनियों के खेल पर अंकुश लगाने के लिए सूबे की नायब सैनी सरकार प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में नए सेक्टर विकसित करने जा रही है. इसी कड़ी में परिवहन मंत्री अनिल विज ने अपनी विधानसभा क्षेत्र अंबाला कैंट की जनता को होली पर्व पर बड़ी खुशखबरी देते हुए कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा अंबाला कैंट क्षेत्र में 7 नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे.
मेट्रो शहर बन जाएगा अंबाला
उन्होंने बताया कि HSVP द्वारा नए सेक्टर विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इससे शहरी क्षेत्र का दायरा बढ़ेगा और लोगों को तमाम मूलभूत सुविधाओं सहित सस्ती दरों पर रिहायशी मकानों की सुविधा मिलेगी. इस कदम से आने वाले सालों में अंबाला को मेट्रो शहर का तोहफा मिल जाएगा.
कैबिनेट मंत्री विज ने कहा कि 1 हजार एकड़ भूमि पर विकसित हो रहे नए सेक्टर अंबाला कैंट के शहरी विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होंगे. अवैध कालोनियों में लोगों की जीवनभर की पूंजी व्यर्थ जाने से रोका जा सकेगा. प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
इन गांवों की जमीन पर होंगे विकसित
अनिल विज ने बताया कि नए सेक्टरों का विस्तार रिंग रोड तक होगा. प्रस्तावित सेक्टरों में सेक्टर- 27, 28, 36, 40, 40A, 41A और 42 शामिल हैं. इन सेक्टरों में रिहायशी प्लॉट, ओपन स्पेस, कॉमर्शियल जोन, ट्रांसपोर्ट एवं कम्युनिकेशन सुविधाएं और औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे.
बिजली मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित सेक्टर गांव घसीटपुर, बुहावा, शाहपुर, ब्राह्मण माजरा, करधान, सरसेहड़ी, चंदपुरा, मच्छौंडा, उगाड़ा, दुखेड़ी, सलारहेड़ी, रांवला, मंगलई और सम्भालखां की जमीन पर विकसित किए जाएंगे. प्रदेश सरकार ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए ई- भूमि पोर्टल खोल दिया है. यहां जमीन बेचने के इच्छुक किसान 30 अप्रैल तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
