अंबाला | रेलयात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि भारतीय रेलवे (Indian Railways) के सबसे बड़े आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत उत्तर रेलवे के यात्रियों को बहुत जल्द 10 अमृत भारत स्टेशन का तोहफा मिलेगा. ये सभी स्टेशन उद्घाटन के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. जल्द ही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन सभी पुनर्विकसित स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे.
PM मोदी करेंगे उद्घाटन
अंबाला डिविजन ने इस योजना को सफलतापूर्वक लागू करते हुए तीन प्रमुख स्टेशनों अंब अंदौरा, मोहाली और आनंदपुर साहिब को तैयार कर लिया है. इसके अलावा उत्तर रेलवे के 7 अन्य स्टेशन भी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित हो रहे हैं, जिनका प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन प्रस्तावित है. अमृत भारत योजना के तहत, इन स्टेशनों की तस्वीर बदलने के लिए करोड़ों रुपए की धनराशि खर्च हो रही है. अंबाला डिविजन की बात करें तो 3 स्टेशनों पर इस योजना के तहत काम पूरा कर लिया गया है, जबकि 11 स्टेशनों पर फुटओवर ब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है. वहीं, कई स्टेशनों पर सॉफ्ट अपग्रेडेशन कार्य पूरा हो चुका है.
अमृत भारत स्टेशन के मानक
- स्टेशन की इमारतों का सुधार एवं पुनर्विकास
- अच्छी तरह से डिजाइन की गई आधुनिक यात्री सुविधाओं का प्रावधान
- स्टेशनों का सिटी सेंटर के रूप में विकास और शहर के दोनों किनारों का एकीकरण
- कार्यात्मक यातायात परिसंचरण और अंतर- मोड एकीकरण
- यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए एक समान और सहायक साइनेज
- मास्टर प्लान में उपयुक्त संपत्ति विकास का प्रावधान
- भूनिर्माण, स्थानीय कला और संस्कृति.
यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
अमृत भारत योजना के तहत, स्टेशनों की इमारतों को बिल्कुल नया स्वरूप दिया जा रहा है. यहां यात्रियों को तमाम आधुनिक सुविधाएं जैसे एसी वेटिंग रूम, फूड कोर्ट, पीने का साफ पानी, साफ- सुथरे शौचालय, लिफ्ट, गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, वीडियो डिस्प्ले, साइनेज व प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी.
