हरियाणा से अयोध्या के लिए 26 मार्च को रवाना होगी स्पेशल ट्रेन, मुफ्त यात्रा के लिए 22 मार्च तक पंजीकरण करें बुजुर्ग

अंबाला | हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार ने इस योजना के तहत पात्र बुजुर्गो को भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करवाने के लिए स्पेशल ट्रेन संचालित करने की घोषणा की है. इसके लिए 22 मार्च यानि कल तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाने होंगे.

Ramayana Yatra Train

योजना के लिए पात्रता

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत आवेदनकर्ता बुजुर्ग की आयु 60 साल से ज्यादा होनी चाहिए. वह हरियाणा का स्थाई निवासी होना चाहिए और सालाना आमदनी 1.80 लाख रुपए से कम होनी चाहिए. इस योजना के लिए saralharyana nic.in पर पंजीकरण करना होगा.

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पात्र बुजुर्गो के जत्थे को लेकर पहली विशेष ट्रेन 26 मार्च को अंबाला से रवाना होगी. सीएम नायब सैनी दोपहर 3 बजे इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह ट्रेन वाया कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और नई दिल्ली स्टेशन होते हुए अयोध्या का सफर तय करेगी. गुरुग्राम और फरीदाबाद के पंजीकृत बुजुर्ग को दिल्ली से इस ट्रेन में सवार होना पड़ेगा. यात्रा करने वाले सभी लाभार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड और दो फोटो लेकर आना अनिवार्य होगा. साथ ही लाभार्थियों को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खुद ही पहुंचना होगा.

बुजुर्गो को मिलेगी राहत

हरियाणा सरकार की इस नई पहल से उन बुजुर्गो को विशेष तौर पर राहत पहुंच रही है जो आर्थिक अभाव के चलते तीर्थ स्थलों के दर्शन करने में खुद को असमर्थ महसूस कर रहे थे. पहले हरियाणा रोडवेज की बसों द्वारा बुजुर्गो को तीर्थ स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराई जा रही थी और अब ट्रेन से भी मुफ्त तीर्थ दर्शन यात्रा योजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाया जा रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.