अंबाला | आधुनिक डिजिटल दौर में जहां सब काम ऑनलाइन हो रहे है, वहीं बच्चों और युवाओं को कागज- कलम से जोड़ने के लिए डाक विभाग ने एक पहल की है. डाक विभाग एक बार फिर ‘ढाई आखर राष्ट्र स्तरीय पत्र लेखन’ प्रतियोगिता करा रहा है. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक व्यक्ति 8 दिसंबर तक पत्र लिखकर डाक विभाग को भेज सकते है.
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा सर्कल, अंबाला सचिन किशोर ने बताया है कि डिजिटल की दुनिया के बीच हस्त लेखन, बच्चों की भाषा क्षमता, रचनात्मकता और मस्तिष्क विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है. यह प्रतियोगिता न केवल लिखने की कला को बढ़ावा देगी, ब्लकि प्रतिभागियों को अपनी भावनाएं पत्र के जरिए व्यक्त करने का मौका देगी.देशभर में अब तक 992 लोगों ने इस प्रतियोगिता के लिए आवेदन जमा किए है.
दो आयु वर्ग
अंबाला कैंट के सीनियर पोस्टमास्टर प्रभात गोयल ने बताया कि ‘ढाई आखर प्रतियोगिता’ में प्रतिभागियों को मेरे आदर्श को पत्र विषय पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल को संबोधित करते हुए पत्र लिखना होगा. इसमें दो आयु वर्ग बनाए गए है, एक वर्ग में 18 वर्ष तक और दूसरे वर्ग में 18 वर्ष से ऊपर शामिल है.
5 हजार से 50 हजार तक रहेगा इनाम
उपमंडल प्रबंधक अनिल कुमार रोज ने कहा कि विजेताओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चार श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा. प्रत्येक श्रेणी में तीन पुरस्कार होंगे. राज्यस्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ पत्रों को 25 हजार रुपए का प्रथम, 10 हजार रुपए का द्वितीय व 5 हजार रुपए का तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा. राष्ट्रीय स्तर पर 50 हजार रुपए का प्रथम, 25 हजार रुपए का द्वितीय व 10 हजार रूपए का तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा. देश भर में विजेताओं को 40.20 लाख के पुरस्कार दिए जाएंगे.
