अंबाला | रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली- अंबाला रेलवे लाइन पर संचालित होने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों को 2 दिन रूट डायवर्ट से चलाया जाएगा. इन ट्रेनों को अंबाला कैंट स्टेशन के रास्ते पंजाब व UP के रास्ते संचालित किया जाएगा. दिल्ली से शाहबाद मारकण्डा तक निर्धारित रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेनें रद्द रहेगी.
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर रेलवे मंडल ने गाजियाबाद व टूंडला जंक्शन के बीच 20 और 21 नवंबर को रेलवे पुल की मरम्मत करने का फैसला लिया है. इस दौरान रेलवे ने दोनों दिन अलग-अलग लंबी दूरी पर चलने वाली 11 एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया है और इनमें अंबाला- दिल्ली रेलवे लाइन पर संचालित होने वाली 3 ट्रेनें भी शामिल हैं.
रूट डायवर्ट से चलेगी ये ट्रेनें
दिल्ली रेल मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया कि श्री माता वैष्णोदेवी कटरा से सूबेदारगंज जाने वाली जम्मू मेल ट्रेन को 20-21 नवंबर को अंबाला कैंट स्टेशन से सहारनपुर जंक्शन के रास्ते संचालित किया जाएगा. अर्थात इस ट्रेन का दो दिन तक सोनीपत सहित कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, समालखा, नरेला, आदर्श नगर, सब्जी मंडी व दिल्ली जंक्शन के लिए परिचालन रद्द रहेगा.
कटिहार जंक्शन से अमृतसर जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन 20 नवंबर को खुर्जा जंक्शन, मेरठ सिटी, सहारनपुर जंक्शन और अंबाला कैंट जंक्शन के रास्ते संचालित किया जाएगा. यानि यह ट्रेन गाजियाबाद, शाहदरा, दिल्ली जंक्शन, सोनीपत, पानीपत, करनाल व कुरुक्षेत्र जंक्शन पर नहीं आएगी.
ऊंचाहार एक्सप्रेस
वहीं, प्रयागराज संगम से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस ट्रेन 21 नवंबर को खुर्जा जंक्शन, मेरठ सिटी, सहारनपुर जंक्शन व अंबाला कैंट के रास्ते चलेगी. यानि यह ट्रेन इस तारीख को सोनीपत स्टेशन सहित गाजियाबाद, साहिबाबाद, दिल्ली जंक्शन, नरेला, गन्नौर, समालखा, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र व शाहबाद मारकंडा स्टेशन के लिए रद्द रहेगी.
