अंबाला | रेलयात्रा करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि दिल्ली मंडल के अंतर्गत कोट फत्तेह- मैसर खाना स्टेशनों के बीच होने वाला रेल कार्य तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया है जिसके बाद अब रेलवे ने उन सभी ट्रेनों को फिर से उनके पुराने और निर्धारित रूट पर बहाल कर दिया है, जिन्हें पहले डायवर्ट रूट से संचालित करने का फैसला लिया गया था.
पुराने रूट से संचालित होगी यह ट्रेनें
उन्होंने बताया कि दिल्ली मंडल के पुल नंबर- 345A पर आरसीसी स्लैब डालने के लिए पॉवर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाना था. इसके लिए 23 जनवरी को विज्ञप्ति जारी कर ट्रेनों के रूट डायवर्ट की सूचना जारी की गई थी. हालांकि, अब इस ब्लॉक को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है. ब्लॉक स्थगित होने के बाद यह ट्रेनें अब धूरी जंक्शन के बजाय अपने पुराने रूट जाखल- मानसा- बठिंडा से होकर संचालित होगी.
ट्रेनों की सूची
- ट्रेन नंबर 20410, भटिंडा- दिल्ली कैंट 15 मार्च को पुराने रूट से संचालित होगी.
- ट्रेन नंबर 15744 भटिंडा- बालुरघाट
- ट्रेन नंबर 14028, फिरोजपुर कैंट-जींद जंक्शन
- ट्रेन नंबर 15743, बालुरघाट- भटिंडा
- ट्रेन नंबर 20409, दिल्ली कैंट- भटिंडा ट्रेन को पुराने रूट से संचालित किया जाएगा.
यात्रियों के लिए सलाह
हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि उपरोक्त ट्रेनों का संचालन अब पूरी तरह से सामान्य रहेगा. इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों के पुराने रूट से संचालित होने पर सफर करने वाले यात्रियों को राहत पहुंचेगी और कम समय में उनका सफर तय हो सकेगा.
