अंबाला के बेटे यश राणा का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, कबड्डी में रजत पदक जीतकर किया शहर का नाम रोशन

अंबाला | हरियाणा के अंबाला में हिल रोड स्थित सनातन धर्म वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 12वीं नॉन- मेडिकल के छात्र यश राणा ने कबड्डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अंबाला का नाम रोशन किया है. उत्तर प्रदेश के मथुरा में 7 सितंबर को 11वीं राष्ट्रीय अंडर-17 कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था, जिसमें यश ने हिस्सा लिया और अपनी टीम के साथ रजत पदक हासिल किया. राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर से खिलाड़ियों ने भाग लिया था.

Yash Rana

कड़े मुकाबलों के बीच यश ने अपने खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. प्रतियोगिता में रजत पदक जीतना उनके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. यश की इस सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ विद्यालय में भी खुशी का माहौल है.

दी गई बधाई

यश राणा की उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें बधाई दी. साथ ही पीटीआई भारती को भी इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं. विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खेल के क्षेत्र में विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाता है और यश की उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा है. विद्यालय के प्राचार्य ठाकुर सिंह चौहान ने यश की मेहनत और खेल के प्रति उसकी लगन की सराहना की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतकर यश ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है.

अगला लक्ष्य

नियमित अभ्यास, अनुशासन और प्रतियोगिताओं के प्रति गंभीरता ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. अपनी इस उपलब्धि से उत्साहित यश राणा ने कहा कि रजत पदक जीतना उनके लिए खास अनुभव है, लेकिन वह यहीं रुकना नहीं चाहते. उनका अगला लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना है. इसके लिए वह आगे और मेहनत करते हुए अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान देंगे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.