भिवानी | हरियाणा के भिवानी में जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने HKRN में नौकरी लगाने से जुड़ी वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि एचकेआरएन का पोर्टल पिछली सरकार के समय उनकी पार्टी द्वारा ही शुरू किया गया था. उन्होंने कहा कि उस समय दो नीतियां बनाई गई थीं, एक सीधी भर्ती और दूसरी अनुबंध पर लगे कर्मचारियों के समायोजन की.

उन्होंने कहा कि कई ऐसे कर्मचारी हैं जो वर्षों से कच्चे पदों पर काम कर रहे हैं लेकिन उनका समायोजन नहीं हो पा रहा और उनका रजिस्ट्रेशन भी नहीं हो पा रहा. ऐसे में अगर किसी अधिकारी को फोन कर केवल उनका रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही जाती है तो इसमें कोई गलत बात नहीं है.
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उन्होंने किसी अधिकारी से अभद्र भाषा में बात नहीं की. उन्होंने केवल अनुरोध किया था कि संबंधित मामलों में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाए. उन्होंने कहा कि अगर यह गुनाह है तो वह यह काम सौ बार करने को तैयार हैं. साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से इस मुद्दे को तूल दे रहे हैं और युवाओं के हित में किए जा रहे प्रयासों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के लिए काम करना गलत नहीं हो सकता.
गलत तरीके से किया जा रहा प्रचार
वायरल चीजों को लेकर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिस तरह से वीडियो को दिखाया जा रहा है, वह पूरी तरह मामले से हटकर है और इसे गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी भी कर्मचारी को एचकेआरएन रजिस्ट्रेशन या समायोजन में समस्या आती है तो वह उनसे संपर्क कर सकता है और वह इस पर आगे भी प्रशासन से बात करते रहेंगे.