भिवानी, Indian Railways | रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. उत्तर रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि हिसार, भिवानी और रोहतक होकर दिल्ली जाने वाली दो ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है. ट्रेन नंबर 54423/ 24, दिल्ली- हिसार- दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन और ट्रेन नंबर 14731/ 14733, दिल्ली- भटिंडा- दिल्ली ट्रेन अब भिवानी जंक्शन की बजाय भिवानी सिटी होकर गुजरेगी.
तीन महीने रहेगा ट्रायल
28 जनवरी से इन दोनों ट्रेनों का रूट 3 महीने के लिए यथावत रहेगा. इसका सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को यह होगा कि उन्हें आधे घंटे के समय की बचत होगी, क्योंकि दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का इंजन भिवानी जंक्शन पर बदलना पड़ता था. इससे ट्रेन करीब आधे घंटे तक भिवानी जंक्शन पर खड़ी रहती थी. हालांकि, भिवानी जंक्शन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को इस फैसले से परेशानी झेलनी पड़ सकती है.
आधे घंटे पहले अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचेगी ट्रेन
किसान एक्सप्रेस ट्रेन, जो पहले दिल्ली से भिवानी शाम करीब साढ़े 4 बजे पहुंचती थी और शाम 5 बजे रवाना होती थी, अब 04.25 बजे पहुंचेगी और साढ़े 4 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन अब आधा घंटा पहले हिसार पहुंचेगी और सिरसा होते हुए भटिंडा प्रस्थान करेगी. इसी तरह भटिंडा से सिरसा व हिसार होते हुए दिल्ली जाने वाली किसान एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 09.05 बजे भिवानी सिटी पहुंचेगी और 5 मिनट बाद 09.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी.
दिल्ली- हिसार एक्सप्रेस ट्रेन जो पहले भिवानी जंक्शन पर रात 09.10 बजे पहुंचती थी और करीब 25 मिनट बाद 09.35 बजे रवाना होती थी, लेकिन अब रात 9 बजे भिवानी सिटी पहुंचेगी और 09.05 बजे हिसार के लिए रवाना हो जाएगी.
इसी तरह हिसार से दिल्ली जाते समय यह ट्रेन पहले भिवानी जंक्शन पर सुबह 06.05 बजे पहुंचती थी और 06.40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती थी, लेकिन अब यह ट्रेन भिवानी सिटी स्टेशन पर सुबह सवा 6 बजे पहुंचेगी और 06.20 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी.
