भिवानी | हरियाणा में विधानसभा चुनाव के बाद अब निकाय चुनावों (Haryana Nikay Chunav) को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है. जिला निर्वाचन अधिकारी एवं भिवानी उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि इलेक्शन कमीशन की हिदायतों के अनुसार जिले में बवानी खेड़ा नगर पालिका, सिवानी और लोहारू में चुनाव करवाए जाने हैं. इस संबंध में कमीशन ने अधिसूचना जारी कर दी है. 1 जनवरी 2024 की वोटर्स लिस्ट को आधार मानकर इन चुनावों की मतदाता सूची फाइनल की जाएगी.
अधिसूचना जारी
भिवानी उपायुक्त ने बताया कि आगामी 16 दिसंबर तक संबंधित क्षेत्र में ड्राफ्ट मतदाता सूची वितरित की जाएगी. वहीं, 17 दिसंबर को इन वार्ड वाइज ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. इसी दिन से इस मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी. उन्होंने बताया कि इस मतदाता सूची के संबंध में कोई भी नागरिक अपने दावे पर 23 दिसंबर तक आपत्तियां दर्ज करा सकता है.
अगले साल जारी होगी वोटर्स लिस्ट
27 दिसंबर तक रिवाइजिंग अथॉरिटी इन दावे व आपत्तियों का निपटान करेंगे. तत्पश्चात 31 दिसंबर तक अगर कोई व्यक्ति रिवाइजिंग अथॉरिटी के फैसले से संतुष्ट नहीं है, तो वो उपायुक्त के समक्ष अपील कर सकता है. उन्होंने बताया कि 6 जनवरी 2025 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा.
वोटर्स लिस्ट में देखें अपना नाम
डीसी ने बताया कि संबंधित नगर पालिका की वोटर्स लिस्ट कार्यालय प्रदर्शित की जाएगी और कोई भी व्यक्ति इन कार्यालयों में जाकर वोटर्स लिस्ट को देख सकता है. इसके अलावा, नगर पालिका में स्थापित इनफॉरमेशन एंड कलेक्शन सेंटर पर वोटर्स लिस्ट देखी जा सकती हैं. उन्होंने बताया कि ये ड्राफ्ट वोटर्स लिस्ट जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है.
