भिवानी | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस ट्रेन भिवानी जंक्शन पर जाने की बजाय अब सीधी भिवानी सिटी स्टेशन से संचालित होगी. दिल्ली और प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को इस सुविधा से फायदा पहुंचेगा. वहीं, भिवानी जंक्शन पर इंजन को बदलने में लगने वाले समय की भी बचत होगी.
45 मिनट का बचेगा समय
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि सिटी स्टेशन से त्रिपुरा सुंदरी ट्रेन का संचालन होने से दिल्ली, प्रयागराज, कानपुर सहित अन्य शहरों में जाने पर करीब 45 मिनट के समय की बचत होगी क्योंकि भिवानी जंक्शन पर इंजन बदलने के दौरान 45 मिनट का समय लगता था, लेकिन अब यह ट्रेन भिवानी जंक्शन की बजाय सीधे भिवानी सिटी से होते हुए आगे बढ़ेगी. यह ट्रेन अगरतला से आते हुए भिवानी से सीधे हिसार व फिरोजपुर से जाते हुए भिवानी से बवानीखेड़ा निकल सकेगी.
रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 14619 व 14620 को भिवानी जंक्शन की बजाय सिटी स्टेशन से संचालित करने पर मंजूरी प्रदान कर दी है. यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से अगरतला के बीच सफर करती है. ट्रेन नंबर 14620, त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस ट्रेन अगरतला से दोपहर 3:20 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रात 10:40 बजे फिरोजपुर कैंट स्टेशन आगमन करती है.
इन स्टेशनों पर ठहराव
यह ट्रेन बीच रास्ते फरीदकोट, कोट कपूरा, बठिंडा जंक्शन, कालांवाली, सिरसा, मंडी आदमपुर, हिसार, भिवानी, रोहतक, शकूरबस्ती, नई दिल्ली, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पाटलीपुत्र, बारूनी, कटिहार, नई जलपाइगुड़ी, न्यू बोंगाईगांव, गुवाहटी, जागीरोड, होजई, लामडिंग, न्यू हाफलंग, बदरपुर, न्यू करीमगंज, पाधारकांदी, धर्मनगर और अंबासा स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करती है.
