भिवानी | होली पर्व पर हरियाणा के रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. इस अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है. इससे होली पर्व पर घर आने की योजना बना रहे कामगार लोगों और प्रवासी यात्रियों के लिए सफर करने में आसानी होगी.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि जिन ट्रेनों के विस्तार को हरी झंडी दिखाई गई है उनके ठहराव में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है. इन ट्रेनों का पहले की तरह निर्धारित स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव जारी रहेगा.
मुंबई सेंट्रल- भिवानी- मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन
अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 09001/ 02, मुंबई सेंट्रल- भिवानी- मुंबई सेंट्रल द्वि- साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार कर होली पर्व पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ से निपटने का इंतजाम किया गया है. यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से 3-27 मार्च तक और भिवानी स्टेशन से 4- 28 मार्च तक संचालित होगी.
बांद्रा टर्मिनस- भिवानी- बांद्रा टर्मिनस
इसके अलावा ट्रेन नंबर 09005/ 06, बांद्रा टर्मिनस- भिवानी- बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है. यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से 4- 25 मार्च तक और भिवानी से 5- 26 मार्च तक संचालित की जाएगी. उन्होंने बताया कि बीच रास्ते आने वाले स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
