फेस्टिव सीजन में सफर होगा आसान, हिसार-भिवानी-रेवाड़ी रूट की इन ट्रेनों में बढ़े डिब्बे

भिवानी | त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं. उत्तर पश्चिम रेलवे ने अलग-अलग रूट पर चलने वाली 48 जोड़ी ट्रेनों की यात्री क्षमता अस्थायी रूप से बढ़ाई है. इसके लिए कुल 135 अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं. इसका फायदा हरियाणा के कई प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले लोगों को भी मिलेगा.

Train Station

रेवाड़ी, नारनौल, रींगस, हिसार, भिवानी और चंडीगढ़ सहित कई रूट इस व्यवस्था में शामिल हैं. रेलवे ने कुछ ट्रेनों में स्लीपर कोच बढ़ाए हैं, जबकि कई सेवाओं में सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं.

बढ़ेगा स्लीपर कोच

ट्रेन संख्या 19611/19614 और 19613/19612 अजमेर-अमृतसर-अजमेर में एक-एक अतिरिक्त द्वितीय शयनयान श्रेणी का कोच लगाया जाएगा. इस ट्रेन से हरियाणा के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा, क्योंकि इसका संचालन रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी और हिसार के रास्ते होता है. हनुमानगढ़ और जयपुर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 14709/14710 की क्षमता भी बढ़ाई गई है. इसमें चार अतिरिक्त साधारण श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. यह रेल सेवा लोहारू से होकर राजस्थान की ओर जाती है.

यह भी पढ़े -  भिवानी की बेटी प्रिया घनघस ने जापान में बढ़ाया मान, 60 KG में जीता ब्रॉन्ज मेडल

3 ट्रेनों में अतिरिक्त व्यवस्था

भिवानी रूट पर एक साथ कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की सुविधा मिलेगी. ट्रेन संख्या 14795/14796 भिवानी-कालका, 14705/14706 भिवानी-ढेहर का बालाजी और 14725/14726 भिवानी-मथुरा में तीन-तीन अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे. भिवानी-कालका रेल सेवा रोहतक, गोहाना, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरती है. ऐसे में त्योहारों के दौरान इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त डिब्बों से उपलब्ध क्षमता बढ़ेगी.

हिसार-जयपुर ट्रेन में जुड़ेंगे 4 कोच

हिसार से जयपुर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 14715/14716 में भी चार अतिरिक्त साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाने का फैसला किया गया है. यह ट्रेन हिसार से रवाना होकर हांसी, भिवानी, चरखी दादरी और रेवाड़ी के रास्ते जयपुर पहुंचती है. रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक, यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की गई है. यह बढ़ोतरी स्थायी नहीं है और त्योहारी अवधि के लिए अस्थायी रूप से की गई है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.