हरियाणा में बजट से पहले विधायकों को नए साल का तोहफा, विकास कार्यों के लिए मिलेगी बड़ी धनराशि

चंडीगढ़ | हरियाणा के सभी 90 विधायकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सीएम नायब सैनी ने प्री बजट की बैठक से पहले सभी विधायकों को नए साल का तोहफा दिया है. विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य पर खर्च करने के लिए जल्द डेढ़- डेढ़ करोड़ रुपए की धनराशि मिलेगी.

500 Rupee Notes Rupay

इसके लिए सरकार ने सभी विधायकों से विकास कार्यों की सूची मांगी है. सरकार ने अनुरोध किया है कि सभी विधायक विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची बनाकर विकास एवं पंचायत विभाग को जल्द- से- जल्द दें ताकि आवश्यक कार्यवाही शुरू की जा सके.

हरियाणा विकास कार्यों को प्राथमिकता

सीएम नायब सैनी ने पिछले बजट में हर विधायक को अपने- अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की राशि देने का प्रावधान किया था. यह पहली बार था कि जब विधायकों को 5 करोड़ रुपए की विशेष राशि मिलनी थी.

बजट पेश होने के 9 महीने बाद भी सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं होने से विधायकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि उन्हें यह ग्रांट राशि कब मिलेगी.

मिलेंगे कुल 5 करोड़ रुपए

विधायकों को पूरे 5 साल के कार्यकाल में 5 करोड़ रुपये मिलने हैं. पहली किस्त व दूसरी किस्त में डेढ़- डेढ़ करोड़ और तीसरी किस्त में 2 करोड़ दिए जाएंगे. इसमें प्रावधान किया गया है कि अगली किस्त तभी जारी होगी जब पिछली किस्त की 70% राशि इस्तेमाल हो चुकी होगी. यह राशि विधायकों को मिलने वाली अन्य राशि से अलग होगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 नए नायब तहसीलदारों की हुई नियुक्ति

शीतकालीन सत्र में उठा था मुद्दा

गत दिनों आयोजित हुए हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी विधायकों ने इस मुद्दे को उठाया था कि मुख्यमंत्री ने करीब 9 महीने पहले सभी विधायकों को 5- 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी. मगर अभी तक यह राशि नहीं मिली है. रोहतक विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बीबी बत्तरा ने सदन में सीएम नायब सैनी से मांग की थी कि विधायकों को 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा को जल्द धरातल पर अमलीजामा पहनाया जाए.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.