चंडीगढ़, अरावली पहाड़ी | हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने बुधवार को चंडीगढ़ में प्रदेश की प्रमुख रेल परियोजनाओं की समीक्षा की, जो हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम (HRIDC) के अध्यक्ष भी हैं. इस बैठक में अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम जिले में स्थित अरावली पहाड़ियों में डबल टनल का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें एक साथ 2 ट्रेनें गुजर सकेगी.
इतिहास रचेगी डबल टनल
25 मीटर ऊंची इस सुरंग का निर्माण कार्य साल 2026 में पूरा होने की संभावना जताई गई है. इस डबल टनल के निर्माण के बाद गुरुग्राम की पलवल, नूंह और सोनीपत से रेल मार्ग के जरिए सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी. बैठक में अधिकारियों ने दावा किया कि सुरंग का निर्माण कार्य संतोषजनक गति से आगे बढ़ रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल 8 सक्रिय फेस में काम चल रहा है और 2 एक्स्ट्रा फेस विकसित किए जा रहे हैं. न्यू आस्ट्रियन टनलिंग मेथड के माध्यम से निर्मित की जाने वाली कुल 7,200 मीटर लंबी सुरंग में से अब तक 3,778 मीटर हिस्से की खुदाई का काम पूरा हो चुका है.
जल्द पूरी होगी यह परियोजनाएं
बैठक में अवगत कराया गया कि इस्टर्न आर्बिटल रेल कारिडोर, जो सोनीपत से पलवल वाया बागपत, गाजियाबाद एवं गौतमबुद्ध नगर तक प्रस्तावित है, उसके अध्ययन हेतु संरेखण (एलाइइमेंट) को UP सरकार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली स्टीयरिंग समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है. कॉरिडोर का व्यवहार्यता अध्ययन अग्रिम चरण में है. उन्होंने बताया कि हरियाणा आर्बिटल रेल कारिडोर परियोजना का मानेसर- पातली खंड तथा मारुति रेलवे यार्ड जून 2025 में चालू किया जा चुका है.
कुरुक्षेत्र एलिवेटेड ट्रैक परियोजना निष्पादन के अंतिम चरण में है. वायाडक्ट से संबंधित सभी सिविल, ट्रैक, सिग्नलिंग एवं टेली कम्युनिकेशन तथा ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन के कार्य पूरे कर लिए गए हैं.
