हरियाणा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार ने 29 हजार स्मार्टफोन खरीद को दी मंजूरी

चंडीगढ़ | हरियाणा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकार ने बड़ी सौगात दी है. महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने बताया कि सीएम मनोहर लाल ने उच्च अधिकार प्राप्त खरीद कमेटी के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन देने की परियोजना को मंजूरी दे दी है. उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 28 हजार 484 स्मार्ट फोन खरीदे जाएंगे, जिसके लिए 28 करोड़ 19 लाख रुपये के बजट को मंजूरी मिल गई है.

Mobiles

कमलेश ढांडा ने बताया कि सभी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए तीन महीने के भीतर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हाथ में स्मार्टफोन थमा दिए जाएंगे. उन्होंने बताया कि मोबाइल सिम विभाग की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा और स्मार्टफोन चलाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाकायदा दो सप्ताह की ट्रेनिंग भी दी जाएगी.

राज्यमंत्री ने बताया कि फोन में पोषण ट्रैकर और बाल संवर्धन ऐप के जरिए नौनिहालों की स्थिति पर नजर रहेगी. नवजात शिशुओं से लेकर 6 साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं से लेकर दूध पिलाने वाली माताओं तक का सारा डाटा पोषण ट्रैकर ऐप पर उपलब्ध होगा.

यह भी पढ़े -  चंडीगढ़ में सरकारी आवास आवंटन अब पूरी तरह ऑनलाइन, नया सिस्टम लागू होगा

कमलेश ढांडा ने बताया कि पोषण ट्रैकर ऐप के जरिए कुपोषण जैसी गंभीर बीमारियों की भी मैपिंग की जा रही है. वहीं, बाल संवर्धन ऐप से 0- 5 साल तक के बच्चों का दुबलापन, ठिगनापन और अति कम वजन यह तीन तरह के कुपोषण की जांच की जा रही है. सरकार इस ऐप के जरिए बच्चों का पूरा आंकड़ा जुटायेगी और उसके हिसाब से योजनाएं लागू की जायेंगी. खास बात ये है कि इस पर रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी.

रियल टाइम मॉनिटरिंग

  • केन्द्र में बच्चों की संख्या का आंकड़ा
  • बच्चों का वजन
  • कुपोषित- अति कुपोषित बच्चों की संख्या
  • टेक होम राशन
  • बच्चों की विकास दर
  • प्री- स्कूल शिक्षा की स्थिति
  • वजन मशीन
  • शौचालयों व पानी की स्थिति
  • टीकाकरण
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.