चंडीगढ़ | हरियाणा कैबिनेट मीटिंग में विधानसभा के बजट सत्र की तारीख पर मुहर लग गई है. हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत 20 फरवरी से होगी. बतौर वित्त मंत्री मुख्यमंत्री नायब सैनी वर्ष 2026- 27 का बजट पेश करेंगे. बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया गया है.
आवासीय कॉलोनियों में खोल सकेंगे नर्सिंग होम
मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में पूरे राज्य में लाइसेंसी रिहायशी प्लॉट वाली कॉलोनियों में नर्सिंग होम स्थापित करने की नीति को मंजूरी दी गई है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लोगों को अपने घर के आसपास की अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और उन्हें गंभीर से गंभीर बीमारियों के इलाज के अधिक दूर नहीं जाना पड़ेगा.
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई नीति के तहत पूरे राज्य में लाइसेंसी कॉलोनियों के रिहायशी प्लॉट पर नर्सिंग होम स्थापित करने की अनुमति जरूरी कन्वर्जन के भुगतान के बाद ही दी जाएगी. ऐसी अनुमति सिर्फ उन योग्य डाक्टरों (एलोपैथिक/ आयुष) के मालिकाना हक वाले रिहायशी प्लॉट पर दी जाएगी जिनके पास मेडिकल काउंसिल या आयुष काउंसिल के साथ एक वैध रजिस्ट्रेशन नंबर है, जो अभी प्रैक्टिस कर रहे हैं और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्थानीय ब्रांच में रजिस्टर्ड हैं. आवेदन के साथ उन्हें इस संबंध में एक हलफनामा देना अनिवार्य होगा.
ग्रुप D भर्ती पर बड़ा फैसला
कैबिनेट मीटिंग में ग्रुप D की भर्ती को लेकर नया फैसला लिया गया है. अब ग्रुप D के पदों (जिनमें न्यूनतम योग्यता मैट्रिक या उससे ज्यादा हैं) पर भर्ती पूरी तरह CET के आधार पर होगी. पुरानी CET (12 जनवरी 2024 वाली जो 11 जनवरी 2027 तक वैध है) में पास उम्मीदवारों के अंकों (95 में से) को प्रतिशत में बदलकर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी ताकि पुराने उम्मीदवारों को नुकसान न हो.
