नए साल पर हरियाणा के विधायकों की बल्ले-बल्ले, सदस्यता भत्ते में बढ़ोतरी का मिला तोहफा

चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा के मौजूदा 90 विधायकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. इन विधायकों को भत्ते में बढ़ोतरी की सौगात मिली है. अब विधायकों को गुरुग्राम, फरीदाबाद जैसे मेट्रो शहरों में 12 हजार रुपए जबकि अन्य शहरों में सदस्यता भत्ता के रूप में 9 हजार रुपए की धनराशि का लाभ मिलेगा. अभी तक विधायकों को सदस्यता भत्ता के रूप में 5 हजार रुपए मिल रहे थे.

Haryana Vidhansabha Assembly

अधिसूचना जारी

हरियाणा विधानसभा के सचिव राजीव प्रसाद ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण के निर्देश पर हरियाणा विधान सभा (सदस्य भत्ता) नियम-1976 को संशोधित करते हुए हरियाणा विधानसभा (सदस्य भत्ता) संशोधन नियम-2025 लागू किए गए हैं.

इसमें सदस्यता भत्ता के कॉलम में 5 हजार रुपए की जगह पर मेट्रो सिटी के लिए 12 हजार रुपए और अन्य शहरों के लिए 9 हजार रुपए शब्द प्रतिस्थापित किए गए हैं.

पूर्व विधायकों के लिए भी खुशखबरी

इसके साथ ही पूर्व विधायकों को भी राहत देते हुए पेंशन, महंगाई राहत और विशेष यात्रा भत्ता पर लगी 1 लाख रुपए की अधिकतम सीमा को समाप्त कर दिया गया है. नए प्रविधानों के अनुसार, अब पूर्व विधायक यात्रा भत्ते के रूप में हर महीने 10 हजार रुपये तक प्राप्त कर सकेंगे. बता दें कि हाल ही में आयोजित हुए हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में हरियाणा विधानसभा (वेतन, भत्ता और पेंशन) संशोधन विधेयक- 2025 पारित किया गया है जिसका सीधा लाभ प्रदेश के 550 पूर्व विधायकों को मिलेगा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, पशु हमले के पीड़ित परिवारों को मिलेगी आर्थिक सहायता

कांग्रेस विधायक ने उठाई थी मांग

हाल ही में आयोजित हुए हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में रोहतक विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बीबी बत्तरा ने विधायकों के सदस्यता भत्ते में बढ़ोतरी की मांग उठाई थी. उन्होंने कहा कि मौजूदा सदस्यता भत्ता मेट्रो शहरों के हिसाब से बहुत कम है और इसमें बढ़ोतरी होनी चाहिए. इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आश्वासन दिया था कि इस संबंध में ठोस कदम उठाए जाएंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.