जयपुर- चंडीगढ़ के बीच चलेगी हरियाणा की तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, इन 6 स्टेशनों के यात्री कर सकेंगे सफ़र

चंडीगढ़ | हरियाणा को जल्द तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने वाली है. यह तीसरी वंदे भारत ट्रेन दो राज्यों राजस्थान व हरियाणा तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ को भी जोड़ेगी. इस ट्रेन के शुरू हो जाने से हरियाणा के यात्रियों को जोरदार फायदा होगा. हरियाणा के यात्री राजस्थान व चंडीगढ़ जा सकेंगे. हालांकि, इस ट्रेन का किराया हल्का महंगा रखा गया है लेकिन ट्रेन पूरी तरह एसी कोच वाली है. ट्रेन में सफर करने का अंदाज़ गजब का है.

Vande Bharat Train

हरियाणा में होंगे ट्रेन के अधिकांश स्टॉपेज

यह तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 593 किलोमीटर की दूरी का रूट तय करेगी. इसके अधिकांश स्टॉपेज भी हरियाणा प्रदेश में बनाए जाएंगे. यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हरियाणा के अधिकांश जिलों को सेमी हाई- स्पीड से जयपुर और चंडीगढ़ से जोड़ने का काम करेगी. इस ट्रेन के माध्यम से यात्री अपने गंतव्य तक अन्य साधारण ट्रेन की अपेक्षा जल्दी पहुंच सकेंगे. वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सफर करने वाले यात्री आरामदायक सफर का आनंद ले सकेंगे, और इसमें कई प्रकार की अन्य सुविधाएं भी मौजूद होंगी.

हरियाणा की पहली व दूसरी वंदे भारत ट्रेन

हरियाणा में पहली वंदे भारत ट्रेन करीब 3 साल पहले 3 अक्टूबर 2019 को नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चली थी. यह भारत की दूसरे नम्बर की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन थी. इसने 656 किमी. की दूरी तय की और चार भारतीय राज्यों, नई दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू तथा कश्मीर को जोड़ा. यह भारत की पहली और एकमात्र वंदे भारत ट्रेन थी, जिसने चार राज्यों को जोड़ने का काम किया. हरियाणा की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 13 अप्रैल 2023 को नई दिल्ली और अजमेर के बीच शुरू की गई थी.

हरियाणा की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का हरियाणा में गुड़गांव रेलवे स्टेशन और रेवाड़ी जंक्शन पर स्टॉपेज है. हरियाणा में दूसरी वंदे भारत ट्रेन दो भारतीय राज्यों हरियाणा और राजस्थान और एक केंद्र शासित प्रदेश नई दिल्ली को जोड़ती है. यह वंदे भारत ट्रेन 82 किमी/घंटा की औसत गति के साथ 5 घंटे 15 मिनट की यात्रा में 430 किमी की दूरी तय करती है. यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन संचालित की जाती है.

कब शुरू होगी यह तीसरी वंदे भारत ट्रेन

सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा की तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल रन अगले सप्ताह सितंबर 2023 से शुरू होगा. सफल ट्रायल रन के बाद हरियाणा की तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस अक्टूबर 2023 के दूसरे सप्ताह में शुरू होगी.

तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज

हरियाणा थर्ड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जयपुर और चंडीगढ़ के बीच दौसा, अलवर, रेवाड़ी, रोहतक, जींद जंक्शन, कैथल, कुरुक्षेत्र जंक्शन और अंबाला कैंट जंक्शन पर रुकेगी. ट्रेन जयपुर से चलेगी, जो चंडीगढ़ स्टेशन तक पहुंचेगी. बीच में 8 स्टॉप में से 6 हरियाणा के होंगे. इस रूट पर हरियाणा के अधिकांश स्टेशनों को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलेगी.

हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे! हरियाणा की ताज़ा खबरों के लिए अभी हमारे हरियाणा ताज़ा खबर व्हात्सप्प ग्रुप में जुड़े!