हरियाणा में BJP और इनेलो को लगा बड़ा झटका, 3 नेता कांग्रेस में शामिल 

चंडीगढ़ । इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और भाजपा के तीन नेता सोमवार को कांग्रेस में शामिल हुए हैं. हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा और प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल की मौजूदगी में इन नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली है. हरियाणा के ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे पवन बेनीवाल, हिसार से भाजपा नेता और उद्यमी अशोक गोयल मंगालीवाला, पूर्व सांसद तारा सिंह के पुत्र और इनेलो नेता कंवलजीत सिंह उर्फ़ प्रिंस पार्टी में शामिल हुए हैं.

FotoJet 3

PCC चीफ़ कुमारी सैलजा ने कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए तीनों नेताओं का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘आज प्रदेश सरकार में शामिल लोगों की हिम्मत नहीं है कि वह जनता के बीच जा सकें. आज हर वर्ग की पसंद कांग्रेस पार्टी है. यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी का जनाधार दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है. प्रदेश में जब भी चुनाव होंगे कांग्रेस पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी.” 

उन्होंने आगे दावा किया, ‘‘हरियाणा प्रदेश बेरोजगारी के मामले में पूरे देश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है. आए दिन तरह-तरह के घोटाले सामने आ रहे हैं. प्रदेश सरकार आए दिन किसान विरोधी फैसले ले रही है. किसान पिछले 9 महीनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. मगर यह सरकार उनकी आवाज को दबाने के लिए लगातार दमनकारी नीतियां अपना रही है.”

आंदोलनकारी किसानों पर बरसे OP धनखड़ 

एक तरफ किसानों के मामलों को देखते हुए पार्टी के नेता दूसरी नाव में सवार हो रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ किसानों के प्रति हरियाणा BJP के तेवर आक्रामक होते जा रहे हैं. केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जारी मौजूदा आंदोलन का नेतृत्व करने वाले किसान नेताओं पर बरसते हुये हरियाणा के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष OP धनखड़ ने सोमवार को कहा था कि यह आंदोलन ‘‘अब पूरी तरह राजनीतिक’’ है और किसानों के कल्याण से इसका कोई लेना देना नहीं है. 

जब उनसे पूछा गया था कि किसानों ने कहा है कि वह प्रदेश में भाजपा नेताओं के कार्यक्रमों का विरोध करते रहेंगे. उन्होंने कहा,‘‘यह आंदोलन अपने मूल एजेंडे से आगे जा चुका है. (आंदोलन में शामिल) किसान नेता पहले कहा करते थे कि वह इन कानूनों में सुधार चाहते हैं. लेकिन जब यह मामला उठा तो, उन्होंने अपनी मांग का रास्ता बदल दिया और इसे वापस लेने की मांग करने लगे.” 

गौरतलब है ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे पवन बेनीवाल, हिसार से भाजपा नेता और उद्यमी अशोक गोयल मंगालीवाला, पूर्व सांसद तारा सिंह के पुत्र और इनेलो नेता कंवलजीत सिंह उर्फ़ प्रिंस पार्टी में शामिल हुए. 

Avatar of Ajay Raj
Ajay Raj
View all posts