खुशखबरी: हरियाणा के गुरुग्राम सहित 5 शहरों में गरीब परिवारों को मिलेंगे सस्ते फ्लैट्स, फटाफट करें बुकिंग

चंडीगढ़ | नए साल के शुभ अवसर पर हरियाणा के 5 शहरों पानीपत, रोहतक, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा इन गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत सस्ते फ्लैट उपलब्ध कराएं जाएंगे. इन फ्लैटों के लिए 29 जनवरी से बुकिंग शुरू हो चुकी है. जिन परिवारों ने फ्लैट्स के लिए पहले पंजीकरण कराया हुआ है, वे सिर्फ 10 हजार रुपए की राशि का भुगतान कर फ्लैट की बुकिंग करवा सकते हैं.

Flat House Colony Ghar

हरियाणा में मिलेंगे फ्लैट्स

प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि हाउसिंग फॉर ऑल विभाग ने भौतिक सत्यापन के बाद पात्र आवेदकों की लिस्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट hfa.haryana.gov.in पर अपलोड कर दी है. इस लिस्ट में शामिल परिवार ही फ्लैट की बुकिंग करवा सकते हैं. उन्होंने बताया कि आवंटित किए जाने वाले सभी फ्लैट्स की लिस्ट भी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है.

उन्होंने बताया कि शहरों में जरूरतमंद गरीब लोगों को सस्ते घर देने के लिए मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना शुरू की गई है. इससे गरीबों के अपने घर का सपना पूरा होगा. इस योजना के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल करने के लिए आवेदक हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के हेल्पलाइन नंबर 0172-2585852 पर संपर्क कर सकते हैं.

मकान निर्माण के लिए मिलेगी सहायता राशि

मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पहले चरण में प्रदेश के 14 शहरों में 15, 256 लाभार्थियों को 30- 30 गज के प्लॉट वितरित किए जा चुके हैं. इन प्लॉट्स पर मकान निर्माण के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी- 2 के तहत 2.50 लाख रुपए की सब्सिडी राशि का लाभ मिलेगा.

यह भी पढ़े -  आदमपुर में भजनलाल को श्रद्धांजलि देने पहुंचे CM नायब सैनी, सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम

इसी तरह मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण के तहत 561 गांवों में 1. 58 लाख आवेदकों को प्लॉट आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस योजना के लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 1. 38 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी.

खास बात यह है कि हरियाणा में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के साथ मिलकर क्रियान्वित किया जा रहा है. इसके तहत, लाभार्थियों को महाग्रामों में 50 वर्ग गज और दूसरे गांवों में 100 वर्ग गज के प्लॉट राज्य सरकार द्वारा और इनपर भवन निर्माण के लिए सहायता राशि केंद्र सरकार से दिलवाई जा रही है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.