चरखी दादरी | जिले के 8 गांवों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने इन 8 गांवों में आंबेडकर भवन निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है. बता दें कि यह घोषणा 4 साल पहले हुई थी, जिसे अब जाकर स्वीकृति दी गई है. विकास एवं पंचायत विभाग की ओर से ग्राम विकास योजना के तहत 2.9 करोड़ रुपए की लागत से इन आंबेडकर भवनों का निर्माण किया जाएगा.
इन गांवों में बनेंगे आंबेडकर भवन
बलाली गांव में आंबेडकर भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपये, गांव बडराई के लिए 27 लाख रुपये, बादल 31 लाख रुपये, चरखी दादरी खंड के गांव साहुवास के लिए 26 लाख रुपये, बरसाना 26 लाख रुपये, खेड़ी बूरा 25 लाख रुपये, खेड़ी बत्तर 24.33 लाख रुपए और गांव कारीमोद में आंबेडकर भवन निर्माण के लिए 26 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है.
सांसद की मेहनत लाई रंग
सहकारी बैंक चेयरमैन सुधीर चांदवास ने बताया कि भिवानी- महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद धर्मबीर सिंह के प्रयासों से चरखी दादरी जिला विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि सांसद सांसद धर्मबीर सिंह ने दादरी रैली में तत्कालीन सीएम मनोहर लाल के समक्ष इन गांवों में आंबेडकर भवन निर्माण की मांग रखी थी, अब सरकार ने इस मांग को मंजूरी प्रदान कर दी है.
