चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी जिले से आमजन के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां 4.53 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च कर लंबे समय से जर्जर हालत में पहुंच चुकी दो सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को मुख्यालय की ओर से प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति दे दी गई है और अब केवल टेंडर प्रक्रिया होना बाकी है. इन दोनों सड़कों के निर्माण से करीब 15 हजार की आबादी को राहत पहुंचेगी.
इन सड़कों की बदलेगी तस्वीर
नगर परिषद की ओर से काठमंडी व चरखी दरवाजा सड़क मार्ग की तस्वीर बदलने की योजना बनाई गई है. दोनों सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में पहुंच चुकी है और स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से इन सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई जा रही है. अब जाकर उनकी यह मांग परवान चढ़ने का रास्ता साफ हो गया है. नगर परिषद् के एक अधिकारी ने बताया कि 15 दिसंबर तक दोनों सड़कों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए जाएंगे. उसके बाद, टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ाकर एजेंसी को काम पूरा करने के आदेश जारी किए जाएंगे.
1.23 करोड़ से बनेगा काठमंडी रोड
लाला लाजपतराय चौक से लेकर सैनीपुरा मोड तक करीब 480 मीटर लंबी काठमंडी रोड का पुनर्निर्माण किया जाएगा और इसके निर्माण कार्य पर 1.23 करोड़ रुपए खर्च होंगे. लंबे समय से यह सड़क अपनी खस्ताहाल स्थिति से जूझ रही है, लेकिन अब सड़क मार्ग के चकाचक होने से शहर की बड़ी आबादी का सफर आसान व सुरक्षित बनेगा.
चरखी दरवाजा सड़क बनेगी चकाचक
चरखी दरवाजा क्षेत्र के जरिए पुराने शहर का लोहारू व महेंद्रगढ़ चौक रोड से जुड़ाव करने वाली डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क के पुनर्निर्माण पर 3.31 करोड़ रुपए खर्च होंगे. वर्तमान स्थिति की बात करें, तो यहां सड़क कम और गढ्ढे ज्यादा नजर आ रहे हैं, जिसके चलते लोगों ने यहां से आवागमन करना ही छोड़ दिया है. वे अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच रहे हैं, लेकिन अब इस सड़क मार्ग की हालत सुधरने से लोगों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी.
चरखी दरवाजा व काठमंडी रोड का पुनर्निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाएगा. दोनों सड़कों के निर्माण के लिए मुख्यालय से प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है- बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, चरखी दादरी नगर परिषद
